बालोतरा में 2.20 करोड़ की एमडी ड्रग्स जब्त, पिता-पुत्र गिरफ्तार
ऑपरेशन विभंजन के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई
राजस्थान के बालोतरा जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.200 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान 1.25 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए, जिन्हें पुलिस ड्रग्स कारोबार से जुड़ी रकम मान रही है। इस मामले में पिता और पुत्र को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक माह की निगरानी के बाद मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार के अनुसार, यह कार्रवाई विशेष अभियान ‘ऑपरेशन विभंजन’ के तहत जिला पुलिस, डीएसटी और धोरीमन्ना थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। एमडी ड्रग्स के अवैध कारोबार की लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद पुलिस ने करीब एक माह तक तकनीकी निगरानी, मुखबिर तंत्र और गोपनीय सूचना के आधार पर पूरे नेटवर्क पर नजर रखी। जांच के बाद आरोपियों के ठिकाने की पुष्टि होने पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी गई।
रेतीले धोरों में पैदल पहुंची पुलिस, 11 पैकेटों में मिली ड्रग्स
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम आबादी से दूर रेतीले धोरों के बीच स्थित एक ढाणी तक पहुंची। वाहन आगे नहीं जा सके, इसलिए पुलिसकर्मियों ने करीब चार किलोमीटर तक पैदल चलकर चारों ओर से घेराबंदी की। तलाशी के दौरान मकान के एक कमरे से 11 अलग-अलग पैकेटों में रखी 2.200 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ड्रग्स को छोटे-छोटे पैकेटों में सप्लाई के लिए तैयार किया गया था। मौके से 1.25 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए।
सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज, फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चैनाराम (47) और उसके पुत्र हनुमानराम (25) को गिरफ्तार किया है। वहीं मुख्य आरोपी बताए जा रहे अनिल की तलाश जारी है। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि एमडी ड्रग्स कहां से लाई जाती थी, किन क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति की जाती थी और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस आर्थिक लेन-देन, सप्लाई चैन और पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।