#क्राइम #राज्य-शहर

अजमेर में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, पीहर पक्ष ने ससुराल पर प्रताड़ना के लगाए आरोप

अजमेर में विवाहिता की आत्महत्या, ससुराल पर प्रताड़ना के आरोप

अजमेर में विवाहिता ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

राजस्थान के अजमेर शहर के आदर्शनगर स्थित बालुपुरा रोड इलाके में सोमवार दोपहर 25 वर्षीय विवाहिता ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसका पति ड्यूटी पर था, जबकि घर में उसकी चार साल की बेटी और सास मौजूद थीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।

बंद कमरे में मिला शव

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान निहारिका (25) के रूप में हुई है। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां निहारिका फंदे से लटकी मिली। कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।

इसे भी पढ़ें – चलते ट्रक पर गिरा विशाल पेड़, ड्राइवर गंभीर घायल; नेशनल हाईवे पर घंटों बाधित रहा यातायात

दो महीने पीहर में रहने के बाद लौटी थी ससुराल

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद के चलते निहारिका करीब दो महीने तक अपने मायके में रह रही थी। लगभग 15 दिन पहले ही वह पति के साथ वापस ससुराल आई थी। उसके साथ उसकी चार साल की बेटी भी थी।

पीहर पक्ष ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

मृतका की मां ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष निहारिका को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। शिकायत के अनुसार, उसके फोन कॉल पर नजर रखी जाती थी और घर से बाहर आने-जाने पर भी पाबंदियां लगाई जाती थीं। परिवार का कहना है कि इसी मानसिक दबाव के कारण उसने यह कदम उठाया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

आदर्शनगर थाना पुलिस ने पीहर पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

https://x.com/stvnewsonline

https://www.facebook.com/StvNews2006

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *