WhatsApp Web यूजर्स के लिए सरकार का साइबर अलर्ट, सार्वजनिक कंप्यूटर पर लॉगिन करने से बचने की सलाह
भारत सरकार ने WhatsApp Web इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क किया है। गृह मंत्रालय की एडवाइजरी में सार्वजनिक और साझा कंप्यूटरों पर WhatsApp Web लॉगिन करने से जुड़े खतरे बताए गए हैं। यूजर्स को हर सेशन के बाद मैन्युअली लॉगआउट करने और संवेदनशील काम के लिए ऐसे सिस्टम का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है।

मुख्य बातें
- WhatsApp Web यूजर्स सावधान! सरकार ने जारी किया साइबर अलर्ट
- सार्वजनिक कंप्यूटर पर WhatsApp चलाना पड़ सकता है भारी, जानें खतरा
- WhatsApp Web इस्तेमाल करते हैं तो ये 5 सावधानियां जरूर जान लें
CYBER,23 NOV. 2026:
एक्टिव सेशन से अकाउंट तक पहुंच का खतरा
एडवाइजरी के मुताबिक, इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने WhatsApp Web के एक्टिव सेशन के दुरुपयोग की आशंका जताई है।खासतौर पर ऑफिस के साझा कंप्यूटर, साइबर कैफे, होटल बिजनेस सेंटर और सार्वजनिक सिस्टम पर खतरा बढ़ सकता है। कई बार यूजर लॉगिन करने के बाद अकाउंट से लॉगआउट करना भूल जाते हैं।ऐसी स्थिति में दूसरे लोग उसी एक्टिव सेशन का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे निजी बातचीत और अकाउंट से जुड़ी जानकारी तक अनधिकृत पहुंच बन सकती है।
चैट पढ़ने से लेकर धोखाधड़ी तक का खतरा
अगर किसी साइबर अपराधी को एक्टिव WhatsApp Web सेशन तक पहुंच मिल जाती है, तो वह कई तरह की गतिविधियां कर सकता है।
- निजी चैट और बातचीत पढ़ सकता है।
- यूजर की पहचान से दूसरे लोगों को मैसेज भेज सकता है।
- कॉन्टैक्ट लिस्ट और ग्रुप चैट तक पहुंच बना सकता है।
- निजी जानकारी का इस्तेमाल फिशिंग और ऑनलाइन धोखाधड़ी में कर सकता है।
- सोशल इंजीनियरिंग के जरिए दूसरे लोगों को भी निशाना बना सकता है।
इसलिए यूजर्स को WhatsApp Web का इस्तेमाल सावधानी से करने की सलाह दी गई है।
इन सावधानियों का रखें ध्यान
सरकारी एडवाइजरी में WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय कुछ जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाने पर जोर दिया गया है।
1. हर बार लॉगआउट करें: काम पूरा होने के बाद WhatsApp Web से मैन्युअली लॉगआउट जरूर करें। केवल ब्राउजर टैब बंद करना पर्याप्त नहीं है।
2. प्राइवेट ब्राउजिंग का इस्तेमाल करें: जरूरत पड़ने पर इनकॉग्निटो या प्राइवेट ब्राउजिंग मोड में WhatsApp Web खोलें।
3. भरोसेमंद कंप्यूटर चुनें: सार्वजनिक या अनजान कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन करने से बचें।
4. सिस्टम अपडेट रखें: ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर को नियमित रूप से अपडेट करें।
5. संदिग्ध फाइलों से बचें: अनजान डाउनलोड, क्रैक्ड सॉफ्टवेयर और गैर-भरोसेमंद ऐप्स का इस्तेमाल न करें।
संवेदनशील काम के लिए सावधानी जरूरी
WhatsApp Web का इस्तेमाल करते समय यूजर्स को अपनी निजी और गोपनीय जानकारी की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। खासकर साझा कंप्यूटरों पर बैंकिंग, ऑफिस या अन्य संवेदनशील जानकारी से जुड़े काम करने से बचना बेहतर है।लॉगिन सेशन की नियमित जांच और समय पर लॉगआउट करने से अकाउंट के दुरुपयोग का खतरा कम किया जा सकता है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





