कोटा में प्रसूता की एक और मौत, एक महीने में 7 महिलाओं ने गंवाई जान; दवाइयों के सभी 14 सैंपल पास
कोटा मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में एक और गर्भवती महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। बारां जिले की 31 वर्षीय फूलाबाई मेहता छह महीने की गर्भवती थीं। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी मौत सेप्टिसीमिया, सेप्टिक शॉक और मल्टी-ऑर्गन फेलियर के कारण हुई। इस घटना के साथ एक महीने में प्रसूताओं की मौत का आंकड़ा सात हो गया है। वहीं, दवाइयों की गुणवत्ता जांच के दूसरे चरण में लिए गए सभी 14 नमूने पास हो गए हैं।

मुख्य बातें
- कोटा में नहीं थम रहीं प्रसूताओं की मौतें, एक महीने में 7वीं महिला की गई जान
- कोटा मेडिकल कॉलेज में एक और प्रसूता की मौत, छह महीने की गर्भवती थी महिला
- चार अस्पतालों के चक्कर, फिर भी नहीं बची जान; कोटा में प्रसूता की मौत
KOTA,14NOV. 2026:
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंची थीं फूलाबाई
मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल की गाइनेकोलॉजिस्ट डॉ. नेहा सीहरा के अनुसार, फूलाबाई मेहता बारां जिले के मुसाई गुजरान की निवासी थीं। वह 12 नवंबर को शाम के समय अस्पताल पहुंची थीं।महिला छह महीने की गर्भवती थीं। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनका गर्भपात हो चुका था। उस समय उनकी हालत बेहद गंभीर थी। वह कोमा और शॉक की स्थिति में थीं।इमरजेंसी में ही उन्हें इंट्यूबेट किया गया। इसके बाद आईसीयू में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया। डॉक्टरों ने सीपीआर दिया, लेकिन शाम करीब 7 बजे उनकी मौत हो गई।
सेप्टिसीमिया और मल्टी-ऑर्गन फेलियर से हुई मौत
डॉ. सीहरा के मुताबिक, महिला को लंबे समय से बुखार था। अस्पताल पहुंचने पर उनका ब्लड प्रेशर और प्लेटलेट्स लगातार गिर रहे थे। जांच के दौरान प्लेटलेट्स की संख्या 35 हजार मिली।डॉक्टरों ने डेंगू और स्क्रब टाइफस की आशंका के आधार पर भी उपचार किया। उन्हें मेडिसिन विभाग में भर्ती किया गया था।डॉक्टरों के अनुसार, महिला की मौत सेप्टिसीमिया, सेप्टिक शॉक और मल्टी-ऑर्गन फेलियर के कारण हुई। बाद में उनकी किडनी और लिवर ने काम करना बंद कर दिया। आईसीयू में भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
चार अस्पतालों में भटकते रहे परिजन
परिजनों के मुताबिक, दिवाली के दौरान फूलाबाई को तेज बुखार आया था। शुरुआत में उन्हें बारां जिले के कवाई सालपुरा में दिखाया गया। वहां से चिकित्सकों ने उन्हें बारां भेज दिया।इसके बाद परिजन उन्हें बारां के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से कोटा रेफर किया गया। हालांकि, परिजन पहले उन्हें बारां के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से भी कोटा रेफर कर दिया गया।11 नवंबर की रात महिला को एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, वह 12 नवंबर को बिना बताए वहां से चली गईं। कुछ घंटे बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
दूसरे चरण में दवाइयों के सभी 14 नमूने पास
प्रसूता की मौत के मामलों के बीच अस्पताल में इस्तेमाल होने वाली दवाइयों की गुणवत्ता जांच भी की गई। सहायक औषधि नियंत्रक प्रहलाद मीणा ने बताया कि दूसरे चरण में 13 प्रकार की दवाइयों के 14 नमूने लिए गए थे।इनमें इंजेक्शन और फ्लूइड के नमूने शामिल थे। जांच में सभी नमूने निर्धारित मानकों पर खरे उतरे। इनमें एंटीबायोटिक, एलर्जी, बुखार, एसिडिटी और ब्लीडिंग रोकने वाली दवाइयां शामिल थीं।नमूनों में RMSCL से सप्लाई की गई दवाइयों के 12 सैंपल थे। वहीं, मेरोपेनम इंजेक्शन के दो नमूने लोकल परचेज से लिए गए थे।जांच में शामिल दवाइयों में नॉर्मल सेलाइन, हाइड्रोकोर्टिसोन, डोपामाइन, पैरासिटामोल इन्फ्यूजन और पैंटोप्राजोल शामिल थे। इसके अलावा ट्रैनेक्सामिक एसिड, सेफ्ट्रिएक्सोन, सोडियम बाइकार्बोनेट और ऑक्सीटोसिन के नमूने भी जांचे गए।
पहले चरण में ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन हुआ था फेल
सहायक औषधि नियंत्रक प्रहलाद मीणा ने बताया कि इससे पहले मई में सामने आए मामले के बाद 37 नमूने लिए गए थे। इनमें 30 दवाइयों और इंजेक्शन के नमूने थे। इसके अलावा सात मेडिकल डिवाइसेज के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए थे।दवाइयों के 30 नमूनों में से 29 पास हुए थे। हालांकि, ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन का एक नमूना जांच में फेल हो गया था। संबंधित फर्म ने न्यायालय के माध्यम से दोबारा जांच की मांग की है।इसके बाद नमूना दोबारा जांच के लिए कोलकाता भेजा गया। वहीं, सात मेडिकल डिवाइसेज के नमूने अलग-अलग राज्यों की प्रयोगशालाओं में भेजे गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, कई बार पत्र भेजने के बावजूद उनकी जांच रिपोर्ट अभी तक नहीं मिली है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





