STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकशुक्रवार, 13 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

कोटा प्रसूता मौत मामले में स्वास्थ्य मंत्री खींवसर ने ली बैठक, मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की होगी समीक्षा

कोटा में प्रसूता प्रीति महावर की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मातृ स्वास्थ्य सेवाओं और रेफरल व्यवस्था की समीक्षा शुरू की है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे मामले के चिकित्सकीय पहलुओं की विस्तृत जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कोटा संभाग में गर्भवती महिलाओं को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए रेफरल सिस्टम और एंबुलेंस सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।

मंत्री खींवसर ने ली अधिकारियों की बैठक
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • कोटा में प्रसूता की मौत के बाद स्वास्थ्य मंत्री खींवसर ने ली अधिकारियों की बैठक
  • प्रीति महावर मौत मामला: मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की होगी विस्तृत समीक्षा
  • कोटा संभाग में रेफरल सिस्टम और एंबुलेंस व्यवस्था होगी मजबूत

KOTA,13 NOV. 2026:

प्रसूता की मौत को मंत्री ने बताया दुखद

स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि प्रसूता की मृत्यु की घटना अत्यंत दुखद है। राज्य सरकार मातृ मृत्यु की प्रत्येक घटना को गंभीरता से लेती है। अधिकारियों की बैठक में महिला की उपचार प्रक्रिया और चिकित्सकीय स्थिति की समीक्षा की गई।जानकारी के अनुसार, प्रसव के बाद महिला की हालत गंभीर हो गई थी। जांच में लिवर फंक्शन में अत्यधिक खराबी सामने आई। इसके बाद फुलमिनेंट हेपेटिक फेल्योर और मल्टी ऑर्गन डिसफंक्शन सिंड्रोम की स्थिति विकसित हुई। विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार के बावजूद महिला को बचाया नहीं जा सका। हेपेटाइटिस-ए और हेपेटाइटिस-ई की जांच रिपोर्ट आना अभी बाकी है।

कोटा संभाग में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की होगी समीक्षा

मंत्री ने कार्यवाहक निदेशक आरसीएच डॉ. रोमेल सिंह को कोटा संभाग भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्हें संभाग के सभी जिलों में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं और रेफरल व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करनी होगी।विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को समय पर उच्च चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाने पर ध्यान दिया जाएगा। मंत्री ने सेतु रेफरल सिस्टम को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर गर्भवती महिलाओं को बिना देरी उचित चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए।

स्वास्थ्यकर्मियों को दिया जाएगा नियमित प्रशिक्षण

स्वास्थ्य मंत्री ने एएनएम, बीसीएमओ और सीएचओ को नियमित प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। इसमें रेफरल प्रक्रिया, गर्भवती महिलाओं की देखभाल और उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की पहचान शामिल होगी।इसके अलावा, जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रसूताओं की देखभाल के लिए विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की प्रभावी पालना भी कराई जाएगी।

एंबुलेंस और रेफरल व्यवस्था की कमियां होंगी दूर

मंत्री ने कोटा संभाग के सभी जिलों में एंबुलेंस सेवाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य संस्थानों के बीच समन्वय और गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच पर भी जोर दिया गया।उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान जोखिम का समय पर आकलन होना चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर महिला को तत्काल उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर किया जाए। व्यवस्था में सामने आने वाली कमियों को दूर करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिकता

खींवसर ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक गर्भवती महिला और प्रसूता को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपात परिस्थितियों में उपचार में किसी प्रकार की देरी नहीं हो। इसके लिए स्वास्थ्य संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय और रेफरल प्रक्रिया को सुचारू बनाया जाए।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।