STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकगुरुवार, 19 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

खैरथल-तिजारा की उजौली पंचायत में मतगणना के बाद बवाल, पुलिस पर हमला; थाना प्रभारी घायल

खैरथल-तिजारा जिले की कोटकासिम क्षेत्र स्थित उजौली ग्राम पंचायत में मतगणना के दौरान सोमवार देर रात हंगामा हो गया। पुलिस के अनुसार, हारे हुए प्रत्याशी के समर्थकों ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया। इस घटना में तीन से चार पुलिसकर्मी घायल हुए। कोटकासिम थाना प्रभारी जसवंत सिंह यादव के सिर पर डंडे से वार किया गया। भीड़ ने पुलिस वाहन पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं, हारे हुए प्रत्याशी संतराम ने पुलिस और मतगणना प्रक्रिया पर ही सवाल उठाए हैं।

कोटकासिम में पुलिस पर हमला, कई जवान घायल; वाहन पर पथराव
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • उजौली पंचायत में मतगणना के बाद बवाल, थाना प्रभारी का सिर फोड़ा
  • कोटकासिम में पुलिस पर हमला, कई जवान घायल; वाहन पर पथराव
  • पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद हिंसा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

KHAIRTAL-TIJARA,18 NOV. 2026:

https://www.facebook.com/share/v/19n6Db8bv4/
विजयी प्रत्याशी को घर छोड़कर लौट रही थी पुलिस

खैरथल-तिजारा जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के अनुसार, पुलिस टीम विजयी प्रत्याशी को सुरक्षित घर छोड़कर मतदान केंद्र लौट रही थी।इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हारे हुए प्रत्याशी के समर्थक जबरन मतदान केंद्र में घुस गए हैं। वहां पोलिंग पार्टी के साथ धक्का-मुक्की की जा रही थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आक्रोशित लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

थाना प्रभारी के सिर पर डंडे से किया वार

पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने पुलिसकर्मियों को लाठी-डंडों से पीटा। इसी दौरान कोटकासिम थाना प्रभारी जसवंत सिंह यादव के सिर पर डंडे से वार किया गया। उन्हें गंभीर चोट आई।हमले में तीन से चार पुलिसकर्मी घायल हुए। इसके अलावा आक्रोशित भीड़ ने पुलिस वाहन पर पथराव किया। इससे वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर कराया लाठीचार्ज

घटना के बाद पुलिस ने अतिरिक्त जाब्ता मौके पर बुलाया। इसके बाद लाठीचार्ज कर उपद्रव कर रही भीड़ को खदेड़ा गया।पुलिस ने मामले में एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया है। एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हारे हुए प्रत्याशी ने लगाए पुलिस और मतगणना में गड़बड़ी के आरोप

दूसरी ओर, हारे हुए प्रत्याशी संतराम ने पुलिस और मतगणना प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मतगणना के दौरान अंदर गड़बड़ी की जा रही थी।संतराम के अनुसार, उन्होंने इसका विरोध किया तो पुलिस दूसरी पार्टी के साथ मिलकर गड़बड़ी करने का प्रयास करने लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर पुलिस ने उनके साथ मारपीट की।संतराम ने यह भी दावा किया कि कुछ देर बाद पुलिस कई गाड़ियों में उनके घर पहुंची और वहां तोड़फोड़ की। इन आरोपों पर पुलिस का पक्ष और जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।

पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव ने किया दौरा

घटना के बाद मंगलवार को पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया।फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में पुलिस और हारे हुए प्रत्याशी की ओर से सामने आए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।