#पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

जितेंद्र सिंह का केंद्र व राजस्थान सरकार पर तीखा हमला, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

अलवर। पूर्व केंद्रीय मंत्री और अलवर के पूर्व सांसद जितेंद्र सिंह ने केंद्र और राजस्थान की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ समझौता किया जा रहा है और सरकार उन्हें बचाने में लगी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन में शामिल युवाओं के परिवारों पर पुलिस के जरिए दबाव बनाया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। सरकार को युवाओं से टकराव के बजाय देश की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए।

भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार को घेरा और कहा कि सरकार विदेशी दबाव में फैसले ले रही है। उनके अनुसार इससे आम जनता पर असर पड़ रहा है, खासकर पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर।

जितेंद्र सिंह ने राजस्थान सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में जनता सरकार से नाराज है। उन्होंने दावा किया कि अगर अभी चुनाव हों तो भाजपा को नुकसान उठाना पड़ेगा।

उन्होंने पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव टालने पर भी सवाल उठाए और कहा कि इससे ग्रामीण विकास प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि सरकार चुनाव कराने से बच रही है, जबकि हाईकोर्ट भी इस पर सख्त टिप्पणी कर चुका है।

उन्होंने कहा कि सरकार की कार्यशैली से जनता का भरोसा कम हुआ है और इसका जवाब आने वाले चुनावों में मिलेगा

इसे भी पढ़ें – बोकारो में 19 वर्षीय युवक की हत्या का खुलासा, कुएं से मिला शव; एक आरोपी गिरफ्तार

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *