झांसी में राहुल-अखिलेश के पोस्टर पर बवाल, सपा कार्यकर्ताओं ने फाड़े होर्डिंग्स
झांसी। झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर बीजेपी और विपक्ष के बीच जारी सियासी टकराव अब झांसी तक पहुंच गया है। शहर में बीजेपी पार्षद की ओर से लगाए गए ऐसे होर्डिंग्स को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिनमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के मुंह पर टेप लगा हुआ दिखाया गया था। होर्डिंग्स को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए कई पोस्टर फाड़ दिए।
होर्डिंग्स में राहुल-अखिलेश पर साधा निशाना
बीजेपी पार्षद अमित राय की ओर से लगाए गए इन होर्डिंग्स पर लिखा था- ‘कब आओगे मेरे अखिलेश-राहुल, झारखंड तुम्हें बुलाता है’।
इन पोस्टरों के जरिए बीजेपी की ओर से झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर राहुल गांधी और अखिलेश यादव की कथित चुप्पी पर सवाल उठाए गए।
सपा कार्यकर्ताओं ने फाड़े पोस्टर
होर्डिंग्स की जानकारी मिलने के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। शाम के समय कई कार्यकर्ता पोल पर चढ़े और शहर में लगाए गए कुछ होर्डिंग्स को फाड़ दिया।
मामले को लेकर सपा पदाधिकारी ने कहा कि इस तरह की होर्डिंग्स को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दोबारा ऐसी होर्डिंग्स लगाई गईं तो उन्हें फिर फाड़ दिया जाएगा।
बीजेपी पार्षद ने पुलिस में शिकायत की बात कही
वहीं, बीजेपी पार्षद अमित राय ने सपा कार्यकर्ताओं पर होर्डिंग्स फाड़ने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बीजेपी पार्षद ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से करने और एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।
झारखंड आंदोलन पर पहले से जारी है सियासी घमासान
झारखंड में छात्रों के आंदोलन को लेकर बीजेपी और विपक्षी दलों के बीच पहले से ही आरोप-प्रत्यारोप चल रहे हैं। बीजेपी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर आंदोलन को लेकर कथित चुप्पी साधने का आरोप लगा रही है। अब इस राजनीतिक विवाद के झांसी पहुंचने और होर्डिंग्स फाड़े जाने के बाद स्थानीय राजनीति भी गरमा गई है।