STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकबुधवार, 11 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

जयपुरः सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति पर बड़ा अपडेट, 15 नवंबर तक DPC कराने के निर्देश

राजस्थान में सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति का इंतजार कर रहे कार्मिकों के लिए अहम खबर है। राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठकें आयोजित करने की समय-सीमा तय की है। कार्मिक विभाग ने सभी संबंधित विभागों को 15 नवंबर तक DPC आयोजित कर पदोन्नति की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिन विभागों में अभी तक बैठकें नहीं हुई हैं, उन्हें तय समय में प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

सरकारी कर्मचारियों की DPC पर बड़ा आदेश,
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • राजस्थान के सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर, 15 नवंबर तक होगी DPC
  • पदोन्नति का इंतजार खत्म? सरकार ने सभी विभागों को दी 15 नवंबर की डेडलाइन
  • सरकारी कर्मचारियों की DPC पर बड़ा आदेश, अनुभव में दो साल की छूट

RAJASTHAN ,11 NOV. 2026:

15 नवंबर तक DPC कराने के निर्देश

कार्मिक विभाग की सचिव अर्चना सिंह की ओर से जारी सर्कुलर में सभी प्रशासनिक विभागों, विभागाध्यक्षों और नियुक्ति प्राधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत वर्ष 2026-27 के लिए सभी संवर्गों की विभागीय पदोन्नति समितियों की बैठकें आयोजित करनी होंगी।सरकार ने स्पष्ट किया है कि पात्र कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़ी कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाए। इसका उद्देश्य लंबित DPC के कारण कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिलने में हो रही देरी को कम करना है।

पहले 31 मई तक पूरी करनी थी प्रक्रिया

कार्मिक विभाग ने अपने 26 अगस्त 2023 के परिपत्र का भी हवाला दिया है। इसमें पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए थे।निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, प्रत्येक वर्ष 1 अप्रैल की स्थिति में वरिष्ठता सूची तैयार की जानी है। अस्थायी वरिष्ठता सूची का प्रकाशन 1 जनवरी तक और अंतिम वरिष्ठता सूची जारी करने के बाद 31 मई तक पदोन्नति की कार्रवाई पूरी करने का प्रावधान बताया गया है।इसके अलावा, सेवा नियमों के अनुसार उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर DPC की बैठक आयोजित करना आवश्यक है।

सेवा अनुभव में दो साल तक की छूट का प्रावधान

बजट वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुपालन में सरकार ने पदोन्नति के लिए आवश्यक अनुभव में छूट देने का निर्णय लिया था। इसके लिए 17 अगस्त 2026 को अधिसूचना जारी की गई थी।इस अधिसूचना के तहत विभिन्न सेवा नियमों में पदोन्नति के लिए निर्धारित अनुभव अथवा सेवा अनुभव में अधिकतम दो वर्ष तक की छूट देने का प्रावधान किया गया। इसके बावजूद कई विभागों में वर्ष 2026-27 की DPC बैठकें आयोजित नहीं हो सकीं।

लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने पर जोर

DPC की बैठकें नहीं होने से संबंधित संवर्गों के पात्र कर्मचारियों की पदोन्नति अटकी हुई है। अब कार्मिक विभाग ने सभी विभागों को 15 नवंबर तक बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।इस आदेश के बाद उन विभागों में पदोन्नति प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है, जहां DPC लंबित है। हालांकि, पदोन्नति का लाभ संबंधित सेवा नियमों, पात्रता, वरिष्ठता और उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर ही मिलेगा।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।