चूरू पंचायत चुनाव: राजेंद्र राठौड़ ने चुनावी सभा में पढ़ा कलमा, बोले- खुदा और भगवान एक ही हैं
राजस्थान के चूरू जिले में पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ का एक वीडियो चर्चा में है। पिथिसर गांव में भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह के समर्थन में आयोजित सभा में राठौड़ ने कलमा पढ़ा। उन्होंने कहा कि खुदा और भगवान अलग-अलग नहीं हैं। सभी धर्मों के लोग एक हैं और आपसी भाईचारा बनाए रखना चाहिए। इससे पहले इसी सभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह का 'सलाम वालेकुम' कहने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

मुख्य बातें
- राजेंद्र राठौड़ ने चुनावी सभा में पढ़ा कलमा, बोले- खुदा और भगवान एक हैं
- चूरू में राजेंद्र राठौड़ का वीडियो वायरल, धार्मिक सद्भाव पर दिया बड़ा संदेश
- बहू कनिका सिंह के प्रचार में पहुंचे राठौड़, कलमा पढ़कर कही भाईचारे की बात
CHURU,11 NOV. 2026:
चुनावी सभा में दिया धार्मिक सद्भाव का संदेश
पिथिसर गांव में आयोजित सभा जिला परिषद के वार्ड संख्या 23 से भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह के समर्थन में हुई थी। सभा को संबोधित करते हुए राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि खुदा और भगवान अलग-अलग नहीं हैं। दोनों एक ही हैं।उन्होंने अपने संबोधन में कहा, "ईश्वर-अल्लाह तेरा नाम, सबको सन्मति दे भगवान। जात-पात पूछे ना कोई, हरि को भजे सो हरि का होय।" राठौड़ ने कहा कि सभी धर्मों के लोग एक हैं। हमारी रगों में बहने वाला खून भी एक ही है। उनके इस संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कनिका सिंह का 'सलाम वालेकुम' वाला वीडियो भी हुआ था वायरल
इससे पहले भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह का भी पिथिसर में चुनाव प्रचार के दौरान एक वीडियो सामने आया था। इसमें वे ग्रामीणों का अभिवादन कर रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें 'सलाम वालेकुम' कहा।कनिका सिंह ने भी जवाब में 'सलाम वालेकुम' कहा। इसके बाद सभा में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं। उनका यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा था। अब राजेंद्र राठौड़ के कलमा पढ़ने वाले वीडियो के सामने आने से वार्ड 23 का चुनावी प्रचार फिर चर्चा में है।
वार्ड 23 में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला
चूरू जिला परिषद के वार्ड संख्या 23 से भाजपा ने कनिका सिंह को प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस की ओर से आशा स्वामी चुनाव मैदान में हैं। एक निर्दलीय प्रत्याशी निकिता पूनियां भी इस वार्ड से चुनाव लड़ रही हैं।कांग्रेस प्रत्याशी आशा स्वामी के समर्थन में सांसद राहुल कस्वां और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे रफीक मंडेलिया भी प्रचार कर रहे हैं। ऐसे में वार्ड 23 का मुकाबला स्थानीय चुनाव में राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बना हुआ है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





