अलवर: खेत में क्यारी बनाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, गर्भवती महिला सहित कई घायल
अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र में खेत में क्यारी बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और पथराव में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और फरसी से हमला किए जाने का आरोप है। घटना में पांच माह की गर्भवती महिला सहित कई लोग घायल हो गए। घायलों को नौगांवा सीएचसी पहुंचाया गया। यहां से गंभीर हालत में दो महिलाओं को अलवर रेफर किया गया। पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

मुख्य बातें
- खेत में क्यारी बनाने को लेकर खूनी संघर्ष, गर्भवती महिला सहित कई घायल
- अलवर के नौगांवा में दो पक्ष भिड़े, लाठी-डंडों और फरसी से हमला
- पांच माह की गर्भवती महिला घायल, दो महिलाओं को अलवर किया रेफर
ALWAR, 11 NOV. 2026:
क्यारी बनाने और खेत की डोल को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 5:30 बजे की है। हजारी सैनी ने बताया कि उनके चचेरे भाई राजू पुत्र ओमप्रकाश और उनकी पत्नी सीमा सुन्हैड़ा स्थित अपने खेत में क्यारी बना रहे थे। इसी दौरान खेत के पास रहने वाले भीम सिंह पुत्र हरि सिंह ने इसका विरोध किया।भीम सिंह ने आरोप लगाया कि राजू पक्ष खेत की डोल को जोत रहा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर भीम सिंह और उसके साथ आए लोगों ने राजू पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंची महिला पर फरसी से वार का आरोप
बताया गया कि पति को बचाने के लिए सीमा बीच-बचाव करने पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान उसके सिर पर फरसी से वार किया गया। हजारी सैनी के अनुसार, पिंटू पुत्र भीम सिंह, बिहारी, मगनलाल, छगनलाल पुत्र भवन सिंह, सतीश पुत्र भवन सिंह, अजय पुत्र भीम सिंह, मुन्नी और चंचल सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे।आरोप है कि इन लोगों ने लाठी-डंडों और फरसी से हमला किया। घटना के बाद राजू घायल अवस्था में घर पहुंचा और परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो दूसरे पक्ष के लोगों ने घर के ऊपर से पथराव शुरू कर दिया। इससे विवाद और बढ़ गया तथा दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हुआ।
दोनों पक्षों के कई लोग घायल
घटना में काजल पत्नी अमित (20), सीमा पत्नी राजू (30), शुगनी पत्नी रविंद्र (20), राजू पुत्र ओमप्रकाश और शंकर पुत्र नंदलाल (40) घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के भीम सिंह, अजय और सतीश को भी चोटें आई हैं।बताया गया है कि घायल काजल पांच माह की गर्भवती है। घटना के बाद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया।
दो महिलाओं की हालत गंभीर, अलवर रेफर
सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवा पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर हालत को देखते हुए काजल और सीमा को बेहतर इलाज के लिए अलवर रेफर कर दिया गया।दोनों महिलाओं का अलवर में उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने पर नौगांवा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में दो लोगों को पकड़ा
मामले में राजू के चाचा कैलाश की ओर से नौगांवा थाने में रिपोर्ट दी गई है। नौगांवा थानाधिकारी हरदयाल सिंह ने बताया कि दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था।पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का पक्ष
पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में दो लोगों को पकड़ा
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





