समधी ने तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगे 11.68 लाख रुपये, सूटकेस खोलते ही उड़ गए होश
राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में अंधविश्वास और पैसों को कई गुना करने के लालच में ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपने ही समधी को दैवीय शक्तियों और तांत्रिक क्रियाओं का झांसा देकर 11 लाख 68 हजार रुपये ठग लिए। एक महीने बाद जब पीड़ित ने सूटकेस खोला तो उसमें नोटों की जगह ईंट और पत्थर मिले।
पारिवारिक रिश्ते का उठाया फायदा
पतलिया गांव निवासी जनक कुमार शर्मा ने खैरथल थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनकी बेटी सलोनी की शादी खैरथल के दांतला चौक निवासी परिवार में हुई है। बेटी के ससुर राजेंद्र प्रसाद ने खुद को दैवीय शक्तियों का जानकार बताते हुए दावा किया कि वह एक मौलवी के जरिए पैसों को दोगुना-चौगुना कर सकता है।
पारिवारिक संबंध होने के कारण जनक कुमार ने उस पर भरोसा कर लिया और उसकी बातों में आ गए।
पहले पूजा-पाठ, फिर लाखों की मांग
शिकायत के अनुसार शुरुआत में पूजा-पाठ और तांत्रिक अनुष्ठान के नाम पर 11 हजार रुपये लिए गए। इसके बाद आरोपियों ने और अधिक धन लगाने का दबाव बनाया।
जनक कुमार ने रिश्तेदारों और परिचितों से उधार लेकर कुल 11 लाख 68 हजार रुपये जुटाए और आरोपी को सौंप दिए।
हरियाणा ले जाकर कराया कथित अनुष्ठान
पीड़ित का आरोप है कि रकम लेने के बाद राजेंद्र प्रसाद और उसका बेटा उसे हरियाणा के पुनहाना ले गए। वहां मौलवी आबिद के पास एक कमरे में कथित तांत्रिक अनुष्ठान कराया गया।
अनुष्ठान के दौरान पीड़ित को विश्वास दिलाया गया कि उसकी रकम कई गुना बढ़ जाएगी और जल्द ही उसे भारी लाभ मिलेगा।
सूटकेस में मिले ईंट-पत्थर
कथित अनुष्ठान के बाद आरोपियों ने एक भारी सूटकेस जनक कुमार को सौंप दिया। साथ ही हिदायत दी गई कि इसे एक महीने से पहले नहीं खोलना, अन्यथा सारी दौलत गायब हो जाएगी।
पीड़ित ने एक महीने तक इंतजार किया, लेकिन तय समय पूरा होने पर जब सूटकेस खोला तो उसमें नोटों की जगह ईंट और पत्थर भरे हुए मिले। यह देखकर उसके होश उड़ गए।
पहले भी लग चुके हैं ठगी के आरोप
ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी राजेंद्र प्रसाद पर पहले भी करीब 32 लाख रुपये की ठगी के आरोप लग चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह पहले भी इसी तरह लोगों को झांसा देकर पैसे ऐंठ चुका है।
पैसे मांगने पर टालमटोल
धोखाधड़ी का पता चलने के बाद पीड़ित ने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा। विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों की मौजूदगी में लिखित आश्वासन भी दिया गया, लेकिन पैसे वापस नहीं लौटाए गए।
पुलिस जांच में जुटी
आखिरकार पीड़ित ने खैरथल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।