फर्जी आयकर अफसर बनकर बाजार में उतरा ठग, ‘स्पेशल 26’ स्टाइल रेड डालते ही पुलिस ने दबोचा…
सूरत के ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट में ठगी की कोशिश
गुजरात के सूरत स्थित ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट में एक व्यक्ति ने खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर व्यापारी से लाखों रुपये वसूलने की कोशिश की। आरोपी सूट-बूट पहनकर, फाइलें हाथ में लेकर पूरी तैयारी के साथ बाजार में पहुंचा था। हालांकि समय रहते वराछा पुलिस को सूचना मिल गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।पाली का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान राजस्थान के पाली जिले के बीजापुर निवासी 51 वर्षीय विजय सिंह चौहान के रूप में हुई है। वह दो दिन पहले ही पाली से सूरत आया था और कतारगाम इलाके में अपने रिश्तेदार के यहां ठहरा हुआ था, जो चाय की रेहड़ी लगाता है। सूरत पहुंचने के महज 24 घंटे के भीतर ही उसने ठगी की योजना बना ली।पढ़ा-लिखा होने का उठाया फायदा
आरोपी स्नातक है और वर्ष 1989 में उसने ग्रेजुएशन पूरा किया था। इसके बाद वह पाली में टैक्स से जुड़े छोटे-मोटे कार्य करता रहा, जिससे उसे आयकर विभाग की कार्यप्रणाली, नोटिस और जांच प्रक्रिया की जानकारी हो गई। इसी जानकारी के आधार पर उसने खुद को ‘क्लास-वन आयकर अधिकारी’ बताकर भरोसा कायम करने की कोशिश की।टैक्स जांच का डर दिखाकर मांगे 30 लाख
विजय सिंह उमरवाड़ा स्थित ग्लोबल मार्केट में व्यापारी रामसिंह चौहाण की दुकान पर पहुंचा। उसने कथित टैक्स गड़बड़ी का हवाला देते हुए व्यापारी को जांच में फंसाने की धमकी दी और 30 लाख रुपये की मांग की। बाद में सौदेबाजी के बाद चार लाख रुपये में मामला निपटाने पर सहमति बनाई।होटल में बुलाकर रची गई वसूली की योजना
आरोपी ने पैसे लेने के लिए व्यापारी को पास ही स्थित ब्लिस होटल में बुलाया। इसी दौरान व्यापारी ने पुलिस को सूचना दे दी। वराछा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पुष्टि होने पर होटल के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।कोर्ट में पेश, रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इससे पहले कहीं और इसी तरह की ठगी की वारदात को अंजाम तो नहीं दिया।