अलवर में ई-रिक्शा चालक पर जानलेवा हमला, लूट की कोशिश नाकाम—दो आरोपी गिरफ्तार
अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक (एसपी) निवास के पास बीती रात एक ई-रिक्शा चालक पर लूटपाट के प्रयास के दौरान जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब ई-रिक्शा चालक हनुमान प्रसाद सड़क किनारे अपना रिक्शा खड़ा कर सो रहा था।
जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार चार युवक मौके पर पहुंचे और हनुमान प्रसाद को जबरन नीचे उतारकर उसकी जेब से पैसे निकालने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। हमले में हनुमान के कान और गले पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
घटना के दौरान आसपास के लोगों को जब इसकी भनक लगी तो वे मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि अन्य दो युवक मौके से फरार हो गए। पकड़े गए दोनों आरोपियों को कोतवाली थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
गंभीर रूप से घायल हनुमान प्रसाद को स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ट्रॉमा वार्ड में उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालक भी अस्पताल पहुंचे और अपने साथी का हालचाल जाना।
पीड़ित हनुमान प्रसाद ने बताया कि वह एसपी निवास के पास सड़क किनारे सो रहा था, तभी चार युवक आए और लूटपाट का प्रयास करते हुए उस पर हमला कर दिया।