“दोनों हाथों से विकलांग… फिर भी फर्राटे से गाड़ी चलाकर करता था लूट! अब हर सोमवार थाने में करेगा सफाई”
राजस्थान के अलवर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है… जहाँ न्यायालय ने एक विकलांग हिस्ट्रीशीटर को ऐसी अनोखी सजा सुनाई है, जिसकी चर्चा अब पूरे शहर में हो रही है। सदर थाना पुलिस ने चोरी और लूट के मामलों में लिप्त इस हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था। हैरानी की बात यह है कि आरोपी दोनों हाथों से विकलांग है, फिर भी गाड़ी फर्राटे से चलाकर लूट की वारदातों को अंजाम देता था। अब अदालत ने उसे जेल से पैरोल तो दे दिया, लेकिन साथ में एक ऐसी जिम्मेदारी भी सौंप दी है… जो समाज को साफ संदेश देती है। आइए जानते हैं क्या है ये पूरा मामला…
अलवर में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। सदर थाना क्षेत्र के कटोरीवाला तिबारा निवासी और थाने के हिस्ट्रीशीटर पंकज उर्फ गोलू के दोनों हाथ विकलांग हैं—एक हाथ पूरी तरह नहीं है और दूसरा भी आधा ही काम करता है। इसके बावजूद वह न सिर्फ गाड़ी फर्राटे से चलाता है बल्कि पांच लूट की वारदातों में अपने साथियों को सहयोग भी दे चुका है।
पंकज वर्तमान में एक लूट मामले में जेल में बंद था। पैरोल की मांग करते समय उसने न्यायालय के सामने अपनी विकलांगता और जेल में आने वाली दैनिक कठिनाइयों का हवाला दिया। अदालत ने पैरोल तो दे दिया, लेकिन साथ ही एक अनोखी सजा भी सुनाई—पंकज को हर सोमवार अलवर के सदर थाना परिसर में दो घंटे सफाई करनी होगी
अदालत को जब पता चला कि पंकज विकलांग होने के बावजूद गाड़ी चलाता है, तो उसने पुलिस को निर्देश दिया कि उसे गाड़ी चलवाकर देखा जाए। थाने में पंकज ने कार चलाकर दिखाई तो मौजूद पुलिसकर्मी और लोग हैरान रह गए। कार को वह बेहद सहजता और रफ्तार के साथ नियंत्रित करता दिखा।
पंकज ने बताया कि ढाई साल की उम्र में उस पर 11 केवी का बिजली का तार गिरा था, जिससे उसके दोनों हाथों की कार्यक्षमता खत्म हो गई। उसने खुद से गाड़ी चलाना सीखा और दोस्तों के साथ अपराध की दुनिया में उतर गया। उसके तीन दोस्त फिलहाल जेल में बंद हैं।
पंकज का कहना है कि अपनी गलती पर पछतावा तो नहीं है, लेकिन अब वह ऐसे काम नहीं करेगा जो परेशानी का कारण बनें। “अदालत ने जो आदेश दिए हैं, उनका मैं पालन करूंगा,” उसने कहा।
सदर थाना पुलिस ने बताया कि कोर्ट के आदेश के अनुसार पंकज को स्वच्छ भारत अभियान के तहत प्रत्येक सोमवार दो घंटे सफाई कार्य करना होगा। उसके इस मामले और अनोखी सजा की चर्चा अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से फैल रही है।