STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकशनिवार, 7 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

धौलपुर थाने से फरार 25 हजार का इनामी गांजा तस्कर नागपुर से गिरफ्तार, मुंडन कर बदला था हुलिया

धौलपुर में पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ 25 हजार रुपये का इनामी गांजा तस्कर टी. श्रीनिवास आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे महाराष्ट्र के नागपुर शहर से पकड़ा। आरोपी 25 अक्टूबर को दिहोली थाने की खिड़की तोड़कर फरार हुआ था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने करीब 12 किलोमीटर खेतों में पैदल सफर किया। इसके बाद कई शहरों में ठिकाने बदलता रहा। उसने तिरुपति बालाजी में सिर और मूंछों का मुंडन भी करवाया था। पुलिस के मुताबिक, छह दिन तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद 6 नवंबर को उसे गिरफ्तार किया गया।

धौलपुर थाने से फरार 25 हजार का इनामी तस्कर नागपुर से गिरफ्तार
फोटो: PHOTO GOOGLE

मुख्य बातें

  • धौलपुर थाने से फरार 25 हजार का इनामी तस्कर नागपुर से गिरफ्तार
  • मुंडन कर बदला हुलिया, कई शहरों में छिपा रहा गांजा तस्कर
  • 1.30 करोड़ का गांजा बरामदगी केस, फरार आरोपी छह नवंबर को गिरफ्तार

DHOLPUR, 07 NOV. 2026:

पुलिस ने 1.30 करोड़ रुपये का गांजा किया था बरामद

दिहोली थाना प्रभारी शैतान सिंह के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को मनिया थाना पुलिस ने एनएच-44 पर नाकाबंदी की थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एक चार पहिया वाहन को रोका।वाहन से टी. श्रीनिवास (45) पुत्र हरिराव ओसी निवासी राजमुंदरी, आंध्र प्रदेश और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने वाहन से दो क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया था। इसकी कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये बताई गई थी।गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। इसके बाद अतिरिक्त पूछताछ के लिए टी. श्रीनिवास को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया था। दिहोली थाना पुलिस उससे पूछताछ कर रही थी।

थाने की खिड़की तोड़कर हुआ फरार

पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर की रात टी. श्रीनिवास दिहोली थाने की खिड़की तोड़कर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।थाना प्रभारी शैतान सिंह ने बताया कि फरार होने के बाद आरोपी करीब 12 किलोमीटर तक खेतों के रास्ते पैदल चला। इसके बाद राजाखेड़ा शहर के पास उसने 500 रुपये में एक टेंपो किराए पर लिया और आगरा की ओर रवाना हो गया।टेंपो का किराया आरोपी ने अपनी पत्नी से ऑनलाइन भुगतान करवाया। इसके बाद वह आगरा से ट्रेन के जनरल कोच में बैठकर बनारस पहुंचा।

कई शहरों में बदलता रहा ठिकाना

पुलिस के मुताबिक, बनारस से आरोपी विशाखापट्टनम पहुंचा। वहां से वह तिरुपति बालाजी गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपना हुलिया बदलने का प्रयास किया।तिरुपति में उसने सिर और मूंछों का मुंडन करवा लिया। इसके बाद वह आंध्र प्रदेश भी पहुंचा। इस दौरान वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा।

साइबर तकनीक और मुखबिर तंत्र से नागपुर तक पहुंची पुलिस

पुलिस अधीक्षक विकास सागवान ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी शैतान सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की थी।पुलिस टीम साइबर तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश कर रही थी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को उसकी लोकेशन महाराष्ट्र के नागपुर शहर में मिली।इसके बाद 6 नवंबर को पुलिस ने टी. श्रीनिवास को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। अधिकारियों को पूछताछ में फरारी और मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी मिलने की उम्मीद है।

पुलिस का पक्ष

पुलिस उससे पूछताछ कर रही है

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।