#क्राइम #धार्मिक #राज्य-शहर

मेहंदीपुर बालाजी में पुलिस से भिड़े श्रद्धालु, SI से धक्का-मुक्की, 2 महिलाओं सहित 4 गिरफ्तार

मंदिर परिसर में लाइन तोड़ने को लेकर हुआ विवाद

राजस्थान के दौसा जिले स्थित मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में रविवार को पुलिस और श्रद्धालुओं के बीच विवाद हो गया। मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी के साथ कथित धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं सहित चार श्रद्धालुओं को गिरफ्तार किया है। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है, जबकि पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

सवामणी गेट से प्रवेश की कोशिश पर बढ़ा विवाद

मेहंदीपुर बालाजी थाने के एएसआई देवेंद्र कुमार के अनुसार, मंदिर परिसर के सवामणी काउंटर के पास पुलिस व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान कुछ श्रद्धालु निर्धारित कतार को छोड़कर सवामणी गेट से सीधे मंदिर में प्रवेश करने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने उन्हें नियमों के अनुसार लाइन में लगकर दर्शन करने की सलाह दी, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।

पुलिसकर्मी से धक्का-मुक्की, मौके पर मची अफरा-तफरी

पुलिस का आरोप है कि समझाने के दौरान कुछ महिला श्रद्धालुओं ने एएसआई के साथ धक्का-मुक्की की और अभद्र व्यवहार किया। वहीं, उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जिससे मंदिर परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सचिन शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

4 श्रद्धालु गिरफ्तार, रिपोर्ट के आधार पर बढ़ सकती हैं धाराएं

पुलिस ने हंगामा करने के आरोप में दो महिलाओं सहित चार श्रद्धालुओं को हिरासत में लेकर शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी सचिन शर्मा ने बताया कि एएसआई की प्राथमिक रिपोर्ट मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी। यदि जांच में सरकारी कार्य में बाधा, पुलिसकर्मी से मारपीट या अन्य गंभीर आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *