दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर, फॉर्च्यूनर पलटी; महिला की मौत, पति-देवर गंभीर
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 34 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति और देवर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार अचानक अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बालाजी दर्शन कर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतका प्राची (34) अपने परिवार के साथ बालाजी दर्शन कर दिल्ली लौट रही थीं। परिवार रविवार को दो गाड़ियों से दर्शन के लिए आया था और रात रुकने के बाद सोमवार सुबह वापस रवाना हुआ। प्राची अपने पति हर्षित और देवर तरुष के साथ दूसरी फॉर्च्यूनर कार में सवार थीं, जो पहली गाड़ी से लगभग 15 मिनट पहले निकली थी।
तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर पलटी कार
हादसा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 105+600 के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज गति से चल रही थी। अचानक वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार डिवाइडर के बीच उतर गई। करीब 100 मीटर तक घिसटने के बाद वाहन फिर हाईवे पर चढ़ा और कई बार पलटते हुए रुक गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
महिला ने रास्ते में तोड़ा दम
हादसे के बाद हर्षित और तरुष को निजी वाहन से अलवर के एमआईए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं प्राची को एनएचएआई की एंबुलेंस से बड़ौदा मेव अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अलवर रेफर किया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घायलों को दिल्ली किया गया रेफर
चिकित्सकों ने दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर कर दिया। उधर, परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने का निर्णय लिया और लिखित सहमति देने के बाद प्राची के शव को अंतिम संस्कार के लिए दिल्ली ले गए।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की प्रमुख वजह वाहन की तेज गति मानी जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से एक्सप्रेसवे पर निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।