बहन से मिलने इंदौर आया भाई, घर में तबीयत बिगड़ी और हो गई मौत; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मध्य प्रदेश के इंदौर में एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बहन से मिलने महाराष्ट्र से आए 35 वर्षीय युवक की अचानक मौत हो गई। परिजनों के अनुसार युवक को पहले घबराहट हुई, जिसके बाद वह आराम करने चला गया और फिर दोबारा नहीं उठा। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई है, जबकि पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
परिवार के साथ बहन से मिलने आया था युवक
पुलिस के अनुसार महाराष्ट्र के वाशिम निवासी राहुल भारती अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ इंदौर में रहने वाली बहन प्रियंका से मिलने आए थे। वह कुछ दिनों की छुट्टी लेकर परिवार सहित बहन के घर ठहरे हुए थे। परिजनों के मुताबिक परिवार के साथ समय बिताने और बच्चों को घुमाने की योजना थी, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
घबराहट के बाद सोए, फिर नहीं खुले आंखें
परिजनों ने बताया कि राहुल को गुरुवार को अचानक तेज घबराहट महसूस हुई। इसके बाद उन्होंने आराम करने के लिए सोने का फैसला किया। काफी देर तक नहीं उठने पर परिवार ने उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
सदर बाजार थाना पुलिस ने घर में हुई इस मौत को देखते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शुरुआती चिकित्सकीय जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई गई है, लेकिन मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
बहन ने बताया, छुट्टी लेकर मिलने आया था भाई
मृतक की बहन प्रियंका ने बताया कि राहुल महाराष्ट्र में एक दुकान पर काम करता था और विशेष रूप से छुट्टी लेकर परिवार सहित उससे मिलने इंदौर आया था। किसी को भी अंदाजा नहीं था कि यह मुलाकात आखिरी साबित होगी। भाई की अचानक मौत से बहन, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
पुलिस हर पहलू की कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद यदि किसी अन्य कारण की पुष्टि होती है तो उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।