नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भाजपा का प्रहार: अनिता गुर्जर बोलीं—विपक्ष की सोच महिला विरोधी
अलवर। भारतीय जनता पार्टी जिला अलवर दक्षिण द्वारा अंबेडकर नगर स्थित जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता का मुख्य विषय केंद्र सरकार द्वारा पारित ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ और कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के विरोध पर प्रतिक्रिया देना रहा।
प्रेस वार्ता में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व विधायक अनिता गुर्जर मौजूद रहीं। उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को राजनीतिक मुख्यधारा में लाने के लिए उठाया गया यह कदम देश की आधी आबादी के लिए एक बड़ा उपहार है, जिसे कांग्रेस और उसके सहयोगी दल स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।
अनिता गुर्जर ने कहा कि “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” केवल एक कानून नहीं, बल्कि सदियों से वंचित रही महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार और सम्मान दिलाने का एक मजबूत संकल्प है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक इस बिल को लंबित रखा और अब इसके लागू होने पर अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल महिला सशक्तिकरण के नाम पर केवल वोट बैंक की राजनीति करते हैं। संसद में इस बिल के पारित होने के दौरान और उसके बाद किया गया विरोध उनकी महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। भाजपा सरकार महिलाओं को निर्णय लेने की भूमिका में सशक्त बनाना चाहती है, जबकि कांग्रेस विभाजनकारी राजनीति में विश्वास रखती है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी लक्ष्मी नारायण गुप्ता, प्रदेश प्रशिक्षण सहसंयोजक रुबिया उपाध्याय, जिला संयोजक मीना सैनी, सह संयोजक शीला जांगिड़, सुमन चौधरी, अंजू शर्मा, प्रीति शर्मा, रिंकी वर्मा, शकुंतला सोनी, लक्ष्मी कंवर, मधु आर्य, वर्षा सक्सेना, सुनील यादव, लक्ष्मी जाटव और पूनम गुर्जर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह जानकारी जिला मीडिया प्रभारी लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने दी।