#राज्य-शहर

अलवर में आशा सहयोगिनियों का शक्ति प्रदर्शन, न्यूनतम मानदेय की मांग तेज

अलवर में न्यूनतम मानदेय और श्रमिक अधिकारों की मांग को लेकर आशा सहयोगिनी एकता मंच के बैनर तले सोमवार को आशा सहयोगिनियों ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। जिलेभर से आई महिलाओं ने शहीद स्मारक से रैली निकालते हुए विभिन्न मार्गों से वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा के आवास तक मार्च किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

इसके बाद रैली कंपनी बाग पहुंची, जहां आयोजित सभा में आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। आशा सहयोगिनियों ने बताया कि वे पिछले एक महीने से लगातार आंदोलन कर रही हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

सभा को संबोधित करते हुए आशा सहयोगिनी राजनंति ने कहा कि वर्ष 2004 से सेवाएं देने के बावजूद उन्हें मात्र ₹4959 मानदेय मिल रहा है, जो न्यूनतम मजदूरी से भी कम है। उन्होंने कहा कि इतने कम मानदेय में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।

उन्होंने बताया कि आशा सहयोगिनियां टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, प्रसव सेवाएं, परिवार कल्याण और पोषण अभियान सहित कई योजनाओं में अहम भूमिका निभाती हैं। इसके बावजूद उन्हें उचित मानदेय नहीं मिल रहा।

आंदोलनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि सम्मानजनक मानदेय और श्रमिक अधिकार मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

इसे भी पढ़ें- तिजारा में जमीन घोटाले का आरोप: एक ही भूमि कई लोगों को बेचने का मामला दर्ज

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *