#क्राइम #राज्य-शहर

अवैध शराब के खिलाफ फूटा गुस्सा: महिलाओं ने दुकान में की तोड़फोड़

अलवर जिले के खेड़ली के सौखर गांव में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज महिलाओं ने शराब की दुकान पर हमला कर बोतलें तोड़ दीं और सामान नष्ट कर दिया।

लाठी-डंडों के साथ महिलाओं ने खोला मोर्चा

सौखर गांव में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री से परेशान महिलाएं शुक्रवार को अचानक आक्रोशित हो उठीं। उन्होंने लाठी-डंडे उठाए और सीधे उस दुकान पर पहुंच गईं, जहां अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। देखते ही देखते महिलाओं ने दुकान पर धावा बोल दिया और जमकर विरोध जताया।

फ्रीजर-कूलर तोड़े, बोतलें चकनाचूर

गुस्साई महिलाओं ने दुकान में रखे फ्रीजर, कूलर और शराब की बोतलों को तोड़ डाला। हालात बिगड़ते देख दुकानदार मौके से फरार हो गया। सड़क पर बिखरी शराब की बोतलों और टूटे सामान से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

शराब से बिगड़ रहा माहौल, घरेलू विवाद बढ़े

महिलाओं का आरोप है कि गांव में खुलेआम शराब बिक्री के कारण सामाजिक माहौल बिगड़ गया है। नशे में धुत लोग घरों में झगड़े करते हैं और कई परिवार आर्थिक संकट में आ गए हैं। कुछ लोग घर का सामान बेचकर भी शराब खरीद रहे हैं, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं।

महिलाओं ने किया सड़क पर प्रदर्शन

विरोध के दौरान महिलाओं ने दुकान का सामान सड़क पर फेंक दिया, जिससे कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई। महिलाओं ने साफ कहा कि अगर अवैध शराब का धंधा बंद नहीं हुआ तो वे आंदोलन और तेज करेंगी।

पुलिस पहुंची मौके पर, कार्रवाई का आश्वासन

सूचना मिलने पर राजस्थान पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह महिलाओं को शांत कराया। पुलिस ने गांव में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने और कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *