#क्राइम #राज्य-शहर #सोशल

सहजपुर में पेयजल संकट पर फूटा आक्रोश, महिलाओं ने अलवर-भरतपुर हाईवे जाम कर किया प्रदर्शन

रामगढ़ (अलवर) के सहजपुर गांव में लंबे समय से चल रही पेयजल समस्या को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। रामगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के इस गांव में पंचायत समिति सदस्य हरीश कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने सहजपुर बस स्टैंड पर अलवर-भरतपुर हाईवे जाम कर धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सड़क पर बैठकर जलदाय विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और गांव में नियमित एवं सुचारु पेयजल आपूर्ति की मांग उठाई। हाईवे जाम होने से यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

घटना की सूचना मिलते ही जलदाय विभाग के रामगढ़ एईएन सियाराम गुर्जर और बगड़ तिराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान पंचायत समिति सदस्य हरीश कुमार और एईएन सियाराम गुर्जर के बीच समस्या को लेकर तीखी बहस भी हुई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग द्वारा समस्या का समाधान नहीं किया गया।

हरीश कुमार ने बताया कि भीषण गर्मी के चलते गांव में पानी का संकट गहरा गया है और महिलाओं को कई किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। नियमित जलापूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

काफी देर तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों की समझाइश और जल्द समाधान के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। हालांकि, ग्रामीणों ने प्रशासन और जलदाय विभाग को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *