आंगनबाड़ी कर्मियों का आंदोलन जारी, 16वें दिन हवन कर सरकार से मांगी सद्बुद्धि
अलवर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। राज्य कर्मचारी का दर्जा, मानदेय बढ़ाने और अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रही महिलाओं ने 16वें दिन हवन यज्ञ कर सरकार का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया। जिलेभर के आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहे और कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को दोहराया।
16वें दिन भी जारी रहा आंगनबाड़ी कर्मियों का प्रदर्शन
राजस्थान महिला एवं बाल विकास संयुक्त कर्मचारी संघ के बैनर तले अलवर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन जारी है। जिलाध्यक्ष लतेश शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने प्रदर्शन में भाग लिया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि लंबे समय से वे अपनी मांगों को लेकर सरकार से गुहार लगा रही हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
मोती डूंगरी चिल्ड्रन पार्क में किया हवन यज्ञ
आंदोलन के 16वें दिन आंगनबाड़ी कर्मियों ने मोती डूंगरी चिल्ड्रन पार्क में सुबह 11 बजे सद्बुद्धि हवन यज्ञ का आयोजन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। हवन कार्यक्रम में पूर्व नगर परिषद सभापति और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कमलेश सैनी भी शामिल हुईं और कर्मचारियों के समर्थन में अपनी बात रखी।
तस्वीरें लगाकर सरकार से की मांगों पर ध्यान देने की अपील
हवन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और जिला कलेक्टर की तस्वीरें लगाईं। कर्मचारियों ने पूजा-अर्चना कर सरकार से उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की प्रार्थना की। उनका कहना है कि यह प्रदर्शन किसी विरोध भावना से नहीं, बल्कि अपनी लंबित मांगों को सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें – जौहर यूनिवर्सिटी पर डिमोलिशन नोटिस, तजीन फातिमा बोलीं- मिला 15 दिन का समय
मानदेय बढ़ाने और राज्य कर्मचारी दर्जे की मांग
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि वे कम मानदेय में बच्चों और महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी निभा रही हैं। पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास योजनाओं के संचालन में उनकी अहम भूमिका है, लेकिन इसके बावजूद उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। कर्मचारियों ने राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, मानदेय बढ़ाने और सेवा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
जिलेभर में बंद रहे आंगनबाड़ी केंद्र
प्रदर्शन के चलते अलवर जिले के कई आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहे। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। संगठन पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द बातचीत कर समाधान निकालेगी, ताकि आंगनबाड़ी सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो सकें।