खेड़ली में ट्रेन से कटकर अज्ञात युवक की मौत, अंधेरे में रेस्क्यू के लिए रोकी गई जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस
अलवर जिले के खेड़ली कस्बे में रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर एक अज्ञात युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना समूची फाटक से पीतमपुर के बीच रेलवे फेंसिंग के पास की है, जहां आसपास के कॉलोनीवासियों ने रेलवे पटरी पर युवक के कटे होने की सूचना स्थानीय रेलवे पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण शव को पटरी से हटाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन को पहले खेड़ली रेलवे स्टेशन पर करीब 20 मिनट तक रोका गया, इसके बाद घटनास्थल के पास भी ट्रेन को कुछ समय के लिए खड़ा किया गया। इंजन की हेडलाइट की रोशनी में शव के अंगों को पटरी के पास से इकट्ठा किया गया।
घटना की सूचना पर खेड़ली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। पहचान नहीं होने पर शव को कस्बे के उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक के एक हाथ पर ‘भगवान’ और ‘आर’ तथा दूसरे हाथ पर ‘बी’ और ‘आर’ गुदा हुआ है, जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है। फिलहाल युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पहचान होने पर परिजनों को सूचना देकर पोस्टमार्टम के बाद शव सुपुर्द किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।