#राज्य-शहर #सोशल

सरिस्का बफर जोन में बढ़ी बाघों की हलचल, वन विभाग की चेतावनी—पैदल घूमना और ट्रेकिंग हो सकती है जानलेवा

अलवर के सरिस्का टाइगर रिजर्व के बफर जोन वन क्षेत्र में इन दिनों बाघों की लगातार साइटिंग हो रही है, जिससे पर्यटकों का रुझान भी तेजी से बढ़ रहा है। मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) संग्राम सिंह कटियार के अनुसार, सरिस्का के अलवर बफर क्षेत्र में वर्तमान में कुल 11 बाघ और बाघिन सक्रिय रूप से विचरण कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि बाघिन एसटी-19 अपने चार शावकों के साथ बारा लिवारी, श्योदानपुरा, फायरिंग रेंज और जम्मुशाना क्षेत्र में देखी जा रही है। वहीं बाघिन एसटी-2302 अपने दो शावकों के साथ बाला किला, अंधेरी चौड़ की होदी, किशन कुंड नाला, जयविलास और आसपास के वन क्षेत्रों में मूवमेंट कर रही है।

बाघों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सीसीएफ ने स्पष्ट किया कि इन क्षेत्रों में पैदल घूमना या ट्रेकिंग करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है, खासकर तब जब बाघिन अपने शावकों के साथ हो, क्योंकि इस दौरान उनका व्यवहार अत्यधिक आक्रामक होता है।

वन विभाग ने आशंका जताई है कि लापरवाही बरतने पर मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं हो सकती हैं। इसलिए आमजन, पर्यटक और ट्रेकर्स से अपील की गई है कि वे बिना अनुमति वन क्षेत्रों में प्रवेश न करें और सरकार व वन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *