#मनोरंजन

83 की उम्र में भी बेफिक्र और एक्टिव हैं अमिताभ बच्चन, बताया तनावमुक्त जीवन का सबसे बड़ा मंत्र

83 वर्ष की उम्र में भी बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपनी ऊर्जा और अनुशासन से नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बने हुए हैं। फिल्मों की शूटिंग, सोशल मीडिया और ब्लॉग के जरिए लगातार सक्रिय रहने वाले बिग बी ने इस बार अपने जीवन का ऐसा मंत्र साझा किया है, जिसे अपनाकर कोई भी व्यक्ति मानसिक तनाव से काफी हद तक दूर रह सकता है।

काम ही है चिंताओं से दूर रहने का सबसे बड़ा उपाय

अपने हालिया ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने लिखा कि व्यक्ति जब तक अपने काम में पूरी तरह व्यस्त रहता है, तब तक कई तरह की चिंताएं स्वतः पीछे छूट जाती हैं। उनके अनुसार, निष्क्रियता ही अक्सर मन में नकारात्मक विचारों और परेशानियों को जन्म देती है। इसलिए जीवन में लगातार सक्रिय रहना और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि दिनभर की जिम्मेदारियां पूरी करने के बाद इंसान को खुद पर भी काम करना चाहिए। आत्मविकास और निरंतर सीखने की प्रक्रिया ही व्यक्ति को मानसिक रूप से मजबूत बनाती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखती है।

युद्ध पर भी रख चुके हैं अपनी स्पष्ट राय

अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में हाल ही में देखी गई द्वितीय विश्व युद्ध पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि युद्ध कभी भी किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता। इसकी सबसे बड़ी कीमत आम और निर्दोष लोगों को चुकानी पड़ती है।

उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति की जिद या अहंकार के कारण लाखों लोगों की जिंदगी प्रभावित हो जाती है। युद्ध में चाहे कोई भी पक्ष जीते, अंत में नुकसान मानवता का ही होता है। इसलिए दुनिया को संघर्ष नहीं बल्कि शांति और संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए।

सोशल मीडिया और ब्लॉग के जरिए जुड़े रहते हैं प्रशंसकों से

अमिताभ बच्चन आज भी अपने प्रशंसकों के साथ लगातार संवाद बनाए रखते हैं। एक्स, इंस्टाग्राम और अपने निजी ब्लॉग पर वह समय-समय पर जीवन से जुड़े अनुभव, प्रेरणादायक विचार और व्यक्तिगत भावनाएं साझा करते रहते हैं। यही वजह है कि उनकी हर पोस्ट लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन जाती है।

‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल की शूटिंग में व्यस्त

वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन इन दिनों फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के दूसरे भाग की शूटिंग में व्यस्त हैं। पहली फिल्म की सफलता के बाद दर्शकों को इसके सीक्वल का बेसब्री से इंतजार है। फिल्म में उनके साथ प्रभास, कमल हासन और दिशा पाटनी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। मेगा बजट इस फिल्म से एक बार फिर अमिताभ बच्चन का दमदार अंदाज बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगा।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *