अलवर कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला का कठूमर-लक्ष्मणगढ़ दौरा, शिविर से लेकर स्कूल तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अलवर जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने मंगलवार को कठूमर और लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीण सेवा शिविर, उपखंड कार्यालय और पीएम श्री विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षा, कृषि और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी संचालन पर भी जोर दिया।
ग्रामीण सेवा शिविर में योजनाओं की समीक्षा, मौके पर समाधान के निर्देश
ग्राम पंचायत नूरपुर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के औचक निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की स्टॉल का अवलोकन कर आमजन को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जाए। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिला समूहों और किसानों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए किया प्रेरित
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने महिलाओं को राजीविका स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। शिविर में 31 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करीब 325 महिलाएं सक्रिय पाई गईं। वहीं किसानों को फार्म पॉन्ड, तारबंदी, पॉलीहाउस तथा अन्य कृषि योजनाओं का लाभ लेने की सलाह दी गई। उन्होंने रूफटॉप सोलर पैनल योजना के माध्यम से बिजली खर्च कम करने के फायदे भी बताए।
लाभार्थियों को मिले स्वीकृति पत्र, किसानों को लाखों का अनुदान
शिविर के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और आवश्यक दस्तावेज वितरित किए गए। नूरपुर निवासी जगराम का लंबे समय से लंबित खाता विभाजन प्रकरण मौके पर ही निस्तारित किया गया। वहीं सलेमपुर निवासी छगन लाल सैनी को पॉलीहाउस और फार्म पॉन्ड योजना के तहत 16.27 लाख रुपये का अनुदान स्वीकृत किया गया। इसके अलावा 9 वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को रोडवेज यात्रा पास भी वितरित किए गए।
उपखंड कार्यालय में शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
कठूमर उपखंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को फरियादियों की शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयों में ई-फाइल प्रणाली को बढ़ावा देने और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। इसी दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा, जिसे संबंधित स्तर तक भेजने का आश्वासन दिया गया।
पीएम श्री विद्यालय में साइंस लैब और शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा
लक्ष्मणगढ़ स्थित पीएम श्री विद्यालय के निरीक्षण के दौरान डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बाल वाटिका, संविधान कक्ष, निर्माणाधीन साइंस लैब और रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने आधुनिक सुविधाओं से युक्त साइंस लैब का कार्य शीघ्र पूरा करने, विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने और विद्यालय परिसर में नेचर गार्डन विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
कई अधिकारी रहे मौजूद
दौरे के दौरान उपखंड अधिकारी श्याम सुंदर चेतीवाल, तहसीलदार भानु प्रताप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार शर्मा, सीबीईओ चिरंजी लाल मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।