#क्राइम #देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

अलवर: देसूला गांव में कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध प्लॉटिंग का आरोप, ग्रामीणों ने किया तीव्र विरोध

अलवर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के देसूला गांव में कब्रिस्तान की जमीन पर कथित अवैध प्लॉटिंग और सड़क निर्माण का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लगभग तीन बीघा कब्रिस्तान भूमि में से करीब एक बीघा जमीन पर कुछ प्रॉपर्टी डीलर्स अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।

ग्रामीणों को जब यह जानकारी मिली तो वे बड़ी संख्या में कब्रिस्तान स्थल पर पहुंचे और जोरदार विरोध जताया। देसूला निवासी आरिफ ने बताया कि यह जमीन वर्षों से कब्रिस्तान के रूप में दर्ज और उपयोग में है। इसके बावजूद कुछ लोग दबाव बनाकर यहां निर्माण और प्लॉटिंग कराने का प्रयास कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि कब्रिस्तान की जमीन किसी भी कीमत पर कब्जे में नहीं जाने देंगे। जरूरत पड़ने पर वे जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति पैदा न हो। विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *