अलवर: स्कूल से लापता 3 छात्र 24 घंटे में मिले, जयपुर घूमकर लौटे
अलवर शहर के एनईबी थाना क्षेत्र स्थित हरदेव दास राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से 22 जुलाई को लंच ब्रेक के दौरान लापता हुए तीनों स्कूली छात्रों को पुलिस ने करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद गुरुवार शाम सकुशल बरामद कर लिया। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
थाना प्रभारी सीमा सिनसिनवार ने बताया कि सातवीं कक्षा के 13 वर्षीय तीन छात्र—जिनमें दो सगे भाई और उनका एक दोस्त शामिल है—बिना बताए स्कूल से निकल गए थे। इसके बाद वे सीधे अलवर रेलवे स्टेशन पहुंचे और ट्रेन से जयपुर चले गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बच्चों ने पहले से घर से भागने की योजना बनाई थी। एक छात्र पहले भी घर छोड़ चुका था और इस बार वह घर से कुछ पैसे लेकर निकला था। जयपुर में तीनों ने नए कपड़े और जूते खरीदे, रात वहीं बिताई और अगले दिन ट्रेन से वापस अलवर लौट आए।
इसे भी पढ़ें –अमरनाथ यात्रा पर मौसम की मार, बिना दर्शन लौटे अलवर के श्रद्धालु, आस्था फिर भी अडिग
बच्चों की तलाश के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित कीं। एएसआई ओमप्रकाश के नेतृत्व में करीब 145 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साइबर सेल की मदद से लोकेशन जयपुर के मोती डूंगरी क्षेत्र के आसपास मिली, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन तेज किया गया। बाद में पुलिस ने अलवर के घंटाघर क्षेत्र से तीनों बच्चों को सकुशल दस्तयाब कर लिया।
पुलिस द्वारा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है और उन्हें बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में विस्तृत पूछताछ जारी है।
वहीं, परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बच्चों के गायब होने की सूचना समय पर नहीं दी गई और तलाश में भी स्कूल ने सहयोग नहीं किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी सहायता और लगातार प्रयासों के चलते तीनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
https://www.facebook.com/StvNews2006