राजस्थान में वोटर लिस्ट में जुड़े 2.40 लाख नए नाम, 7.78 लाख आवेदन मिले
राजस्थान में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए चलाए गए विशेष पंजीकरण अभियान में 2,40,534 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। 1 से 20 अक्टूबर तक चले अभियान के दौरान फॉर्म-6 के कुल 7,78,147 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 18 से 19 वर्ष के युवाओं के 4,30,701 आवेदन शामिल हैं। वहीं, 20 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग से 3,47,446 आवेदन मिले। निर्वाचन विभाग ने कम प्रगति वाले आठ विधानसभा क्षेत्रों को चेतावनी देकर पंजीकरण प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं।
7.78 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। इसका प्रमुख उद्देश्य पात्र नागरिकों, खासकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करना है।अभियान के दौरान 18–19 वर्ष आयु वर्ग से 4,30,701 फॉर्म-6 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं, 20 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों ने 3,47,446 आवेदन किए। इस तरह कुल आवेदन संख्या 7,78,147 रही। अधिकारियों के अनुसार, 3,52,778 आवेदनों की सात दिन की आपत्ति अवधि पूरी होने के बाद आगे की प्रक्रिया की जाएगी।
अब तक 2.40 लाख नए मतदाताओं के नाम जुड़े
निर्वाचन विभाग के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब तक 2,40,534 नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए हैं। इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 1,39,972 युवा शामिल हैं। वहीं, 20 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग के 1,00,562 लोगों के नाम जोड़े गए हैं।विभाग की ओर से उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 18–19 वर्ष आयु वर्ग के करीब 58 प्रतिशत आवेदनों का निस्तारण हुआ है। वहीं, 20 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग में करीब 54 प्रतिशत आवेदनों पर कार्रवाई पूरी की गई है। शेष आवेदनों की प्रक्रिया जारी है।
इन जिलों में पंजीकरण की प्रगति बेहतर
18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के पंजीकरण में बूंदी, भरतपुर, धौलपुर, करौली, अलवर, टोंक, बालोतरा, चूरू, कोटपूतली-बहरोड़ और सवाई माधोपुर अग्रणी जिलों में शामिल रहे।वहीं, 20 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग में जयपुर, अलवर, चूरू, करौली, जोधपुर, सीकर, उदयपुर, भीलवाड़ा, पाली और बांसवाड़ा में बेहतर प्रगति दर्ज की गई। इन जिलों में बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। निर्वाचन विभाग का जोर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने पर है।
इन विधानसभा क्षेत्रों में भी बेहतर प्रदर्शन
18–19 वर्ष आयु वर्ग में बसेड़ी, गुड़ामालानी, कठूमर, अलवर ग्रामीण, नदबई, खेरवाड़ा, सपोटरा, लाडनूं, बाड़ी और वैर विधानसभा क्षेत्र बेहतर प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रों में शामिल रहे।इसके अलावा, 20 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग में झोटवाड़ा, विद्याधर नगर, टोडाभीम, सुजानगढ़, बानसूर, गंगापुर, श्रीमाधोपुर, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़, हिण्डौन और जालौर आगे रहे। इन क्षेत्रों में मतदाता पंजीकरण अभियान की प्रगति बेहतर बताई गई है।
आठ विधानसभा क्षेत्रों को चेतावनी
अभियान की समीक्षा के दौरान कम प्रगति वाले आठ विधानसभा क्षेत्रों को चेतावनी दी गई है। इनमें नोखा, रामगंज मंडी, बाड़मेर, शिव, घाटोल, दांतारामगढ़, सांगोद और चौहटन शामिल हैं।संबंधित अधिकारियों को पंजीकरण अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, पात्र युवाओं और नए मतदाताओं के आवेदन जल्द निस्तारित करने को कहा गया है। अधिकारियों को प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा करने और अभियान की लगातार निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।
घर बैठे ऑनलाइन भर सकते हैं फॉर्म-6
पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in या ECINET ऐप का उपयोग किया जा सकता है।नए मतदाता फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को आवेदनों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।