चूरू में विवाहिता की जीभ काटने का आरोप, पति समेत तीन पर मामला दर्ज
घरेलू विवाद के बाद गंभीर हमले का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
राजस्थान के चूरू जिले में घरेलू विवाद से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। साहवा थाना क्षेत्र के धीरवास गांव की एक विवाहिता ने अपने पति, जेठ और देवर पर ब्लेड से जीभ काटने का आरोप लगाया है। घटना करीब 20 दिन पुरानी बताई जा रही है, जिसकी शिकायत अब पुलिस तक पहुंची है। पीड़िता की हालत गंभीर होने पर पहले तारानगर के राजकीय अस्पताल और बाद में चूरू के डीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल महिला उपचाराधीन है और चिकित्सकों के अनुसार वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
परिजनों का आरोप, विवाद के दौरान हुआ हमला
परिजनों के अनुसार पीड़िता सीता की शादी करीब 20 वर्ष पहले धीरवास निवासी असमालनाथ के साथ हुई थी। उनका आरोप है कि घरेलू विवाद के दौरान पति, जेठ और देवर ने कथित रूप से ब्लेड से उसकी जीभ काट दी। घटना के बाद महिला अपने पीहर चली गई थी। कुछ दिन बाद जब वह वापस ससुराल पहुंची तो उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस इन आरोपों की सत्यता की जांच मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कर रही है।
इसे भी पढ़ें- जैसलमेर में दर्दनाक सड़क हादसा, पट्टियों से भरा ट्रक पलटा, दो की मौत
तीन मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार चिंतित
पीड़िता के परिवार का कहना है कि दंपति के दो बेटे और एक बेटी सहित तीन छोटे बच्चे हैं। लंबे समय से पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला इतनी गंभीर स्थिति तक पहुंच जाएगा। परिजनों का कहना है कि घटना का सबसे अधिक असर बच्चों पर पड़ा है, जो अपनी मां की हालत को लेकर बेहद चिंतित हैं। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जीरो एफआईआर के बाद साहवा थाना कर रहा जांच
पुलिस के अनुसार मामले में सबसे पहले जोधपुर के मंडोर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसे जांच के लिए साहवा थाना भेजा गया। थाना अधिकारी ने बताया कि महिला फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। चिकित्सकीय परीक्षण और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट किया जाएगा कि लगाए गए आरोप तथ्यात्मक रूप से सही हैं या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।