STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकगुरुवार, 12 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

अजमेर: RPSC संरक्षण अधिकारी भर्ती परीक्षा 15 नवंबर को, एडमिट कार्ड जारी; 6608 अभ्यर्थी होंगे शामिल

राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की संरक्षण अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा 2025 का आयोजन 15 नवंबर को किया जाएगा। आयोग ने अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। अभ्यर्थी वेबसाइट और एसएसओ पोर्टल के माध्यम से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा दो पारियों में आयोजित होगी। इसके लिए कुल 6,608 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। अजमेर में परीक्षा के लिए 7 केंद्र बनाए गए हैं। आयोग ने अभ्यर्थियों को परीक्षा से एक घंटे पहले केंद्र पहुंचने और निर्धारित पहचान पत्र साथ लाने के निर्देश दिए हैं।

RPSC संरक्षण अधिकारी परीक्षा 15 नवंबर को
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • RPSC संरक्षण अधिकारी परीक्षा 15 नवंबर को, एडमिट कार्ड जारी
  • 6608 अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर, RPSC ने जारी किए एडमिट कार्ड
  • RPSC परीक्षा देने जा रहे हैं? जान लें समय और जरूरी दस्तावेज

AJMER,12 NOV. 2026:

वेबसाइट और एसएसओ पोर्टल से डाउनलोड करें एडमिट कार्ड

आरपीएससी के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि संरक्षण अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा 2025 के प्रवेश पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।अभ्यर्थी वेबसाइट पर दिए गए एडमिट कार्ड लिंक पर क्लिक करके जन्मतिथि और एप्लिकेशन नंबर दर्ज करें। इसके बाद अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।इसके अलावा एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन करके सिटीजन एप्स में उपलब्ध रिक्रूटमेंट पोर्टल के माध्यम से भी एडमिट कार्ड प्राप्त किया जा सकता है।

दो पारियों में होगी भर्ती परीक्षासंरक्षण अधिकारी भर्ती परीक्षा 15 नवंबर को दो सत्रों में आयोजित होगी।

- पहली पारी: सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक। इसमें जनरल स्टडीज का प्रथम प्रश्न-पत्र होगा।

- दूसरी पारी: दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक। इसमें सोशल वर्क एवं लॉ का द्वितीय प्रश्न-पत्र होगा।

आयोग ने ओएमआर उत्तर-पुस्तिका में पांचवें विकल्प को भरने के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय देने का निर्णय लिया है। इस विकल्प का उपयोग अनुत्तरित प्रश्नों को चिह्नित करने के लिए किया जाएगा।

6608 अभ्यर्थियों के लिए अजमेर में 7 परीक्षा केंद्र

आरपीएससी के अनुसार, इस भर्ती परीक्षा के लिए कुल 6,608 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। परीक्षा का आयोजन अजमेर में 7 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा।आयोग ने परीक्षा के लिए आवंटित जिलों की जानकारी पहले ही अपनी वेबसाइट पर जारी कर दी थी। परीक्षा आयोजन से जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

परीक्षा केंद्र पर ये दस्तावेज लेकर पहुंचें

आयोग ने अभ्यर्थियों को पहचान सत्यापन के लिए नवीनतम फोटो वाला मूल आधार कार्ड साथ लाने के निर्देश दिए हैं।

यदि किसी अभ्यर्थी के पास आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है तो वह इनमें से कोई एक दस्तावेज लेकर जा सकता है:

- नवीनतम फोटो वाला पासपोर्ट

- मतदाता पहचान पत्र

- ड्राइविंग लाइसेंस

इसके अलावा एडमिट कार्ड पर भी नवीनतम फोटो लगाना अनिवार्य है। पहचान संबंधी दस्तावेज या नवीनतम फोटो नहीं होने पर अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से रोका जा सकता है।

परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले पहुंचना जरूरी

आरपीएससी ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी है। देर से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।इसका उद्देश्य सुरक्षा जांच और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी करना है।

ठगी और दलालों से सावधान रहने की अपील

आयोग ने अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का झांसा देने वाले ठगों और दलालों से सावधान रहने की अपील की है। यदि कोई व्यक्ति चयन करवाने के नाम पर पैसे मांगता है या किसी तरह का प्रलोभन देता है तो अभ्यर्थी प्रमाण सहित आयोग के कंट्रोल रूम में शिकायत कर सकते हैं।

RPSC कंट्रोल रूम नंबर:

- 0145-2635200

- 0145-2635112

- 0145-2635255

आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में नकल, गड़बड़ी या अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।