अजमेर : किशनगढ़ रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, चलती ट्रेन के साथ घिसटती रही महिला; RPF जवान ने बचाई जान
राजस्थान के किशनगढ़ रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में एक महिला गंभीर हादसे का शिकार हो गई। महिला का पैर ट्रेन के पायदान और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। इसके बाद वह चलती ट्रेन के साथ काफी दूर तक घिसटती चली गई। मौके पर तैनात RPF कांस्टेबल निरंजन लाल ने तत्परता दिखाते हुए महिला की जान बचाई। हादसे में महिला के पैर में गंभीर चोट आई है। पूरी घटना स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।

मुख्य बातें
- चलती ट्रेन के साथ घिसटती रही महिला, RPF जवान ने बचाई जान
- किशनगढ़ स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, कांस्टेबल निरंजन लाल बने फरिश्ता
- ट्रेन से उतरते समय फंसा महिला का पैर, CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर
KISHANGARH, 10 NOV. 2026:
चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में फंसा पैर
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह ट्रेन संख्या 20993 जयपुर-उदयपुर किशनगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन का यहां दो मिनट का निर्धारित ठहराव है।इसी दौरान ट्रेन के निर्धारित ठहराव से पहले रवाना होने लगी। तभी एक महिला ने चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया। इसी दौरान उसका पैर फिसलकर ट्रेन के पायदान और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया।इसके बाद महिला ट्रेन के साथ घिसटने लगी। अचानक हुए इस हादसे को देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया।
RPF कांस्टेबल निरंजन लाल ने दिखाई बहादुरी
महिला को ट्रेन के साथ घिसटता देखकर आसपास मौजूद यात्रियों ने शोर मचाया। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात RPF कांस्टेबल निरंजन लाल ने तुरंत दौड़ लगाई।जवान ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन रुकवाने का प्रयास किया। उनकी मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते हुए की गई इस कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
RPF जवान की सूझबूझ और बहादुरी की स्टेशन पर मौजूद लोगों ने सराहना की।
महिला के पैर में आई गंभीर चोटहादसे में घायल महिला की पहचान सोनू कुमावत के रूप में हुई है। वह किशनगढ़ के सरगांव रोड स्थित वार्ड नंबर 52 की निवासी हैं।महिला के पैर में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
CCTV कैमरे में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
रेलवे स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों में हादसे से लेकर महिला के बचाव तक की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में महिला ट्रेन के पास फंसी दिखाई देती है। इसके बाद RPF जवान और आसपास मौजूद लोग उसकी मदद के लिए दौड़ते नजर आते हैं।इस घटना ने एक बार फिर चलती ट्रेन से उतरने और चढ़ने के खतरों को सामने ला दिया है। यात्रियों से अपील है कि ट्रेन पूरी तरह रुकने के बाद ही उतरें या चढ़ें।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





