STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकशुक्रवार, 13 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

अजमेर में छठ पूजा, पुष्कर मेले और उर्स को लेकर रेलवे अलर्ट, 11 स्पेशल ट्रेनें चलाईं

छठ पूजा, पुष्कर मेले और ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती के 815वें उर्स को देखते हुए अजमेर रेलवे स्टेशन पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के कारण स्टेशन पर यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है। सामान्य दिनों में रोजाना करीब 54 हजार यात्री स्टेशन से गुजरते हैं। पिछले दो-तीन दिनों में यह संख्या बढ़कर 91 हजार तक पहुंच गई। उर्स के दौरान यात्रियों की संख्या एक लाख तक पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए रेलवे ने 11 स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। इसके अलावा सात से अधिक ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं। स्टेशन पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।

YAATRI
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • अजमेर रेलवे स्टेशन पर 11 स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों के लिए खास इंतजाम
  • छठ पूजा और पुष्कर मेले को लेकर रेलवे अलर्ट, 24 घंटे CCTV निगरानी
  • अजमेर में यात्रियों की संख्या 91 हजार पहुंची, उर्स में एक लाख का अनुमान

AJMER,13 NOV. 2026:

यात्रियों की संख्या 91 हजार तक पहुंची

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा के अनुसार, अजमेर रेलवे स्टेशन पर सामान्य दिनों में प्रतिदिन औसतन 54 हजार यात्रियों की आवाजाही रहती है। दीपावली और छठ पूजा के चलते पिछले दो-तीन दिनों में यह आंकड़ा बढ़कर 91 हजार हो गया है। वहीं, आगामी उर्स के दौरान यात्रियों की संख्या प्रतिदिन एक लाख तक पहुंचने का अनुमान है।इस बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मंडल रेल प्रबंधक स्वयं व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।

11 स्पेशल ट्रेनें चलाईं, कई ट्रेनों में बढ़ाए कोच

यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए अजमेर, उदयपुर सिटी और मदार स्टेशन से 11 ऑन डिमांड स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं। इसके अलावा अजमेर मंडल से संचालित होने वाली सात से अधिक ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं।17 नवंबर से शुरू होने वाले पुष्कर मेले और उर्स के दौरान यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन का भी प्रावधान किया गया है।

स्टेशन पर बनाए गए अस्थायी होल्डिंग एरिया

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे स्टेशन पर आरक्षण कार्यालय और अनारक्षित टिकट बुकिंग हॉल के सामने अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। यहां यात्रियों के लिए पर्याप्त रोशनी, पेयजल और यूरिनल की व्यवस्था की गई है।यात्रियों को सही प्लेटफॉर्म और ट्रेन की जानकारी देने के लिए साइनेज लगाए गए हैं। साथ ही ट्रेनों के आगमन की नियमित उद्घोषणा की जा रही है। इससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में आसानी होगी।

आरक्षित और अनारक्षित यात्रियों के लिए अलग व्यवस्था

स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन के लिए आरक्षित और अनारक्षित यात्रियों के प्रवेश की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। प्लेटफॉर्म से यात्रियों की सीधी निकासी के लिए मिडिल फुट ओवरब्रिज खोला गया है।पीक आवर्स में टिकटों की सुविधा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त यूटीएस काउंटर शुरू किए गए हैं। इसके अलावा गांधी भवन से भी अनारक्षित टिकट लेने की व्यवस्था की गई है। होल्डिंग एरिया में चार एटीवीएम मशीनें भी लगाई गई हैं।

CCTV से 24 घंटे निगरानी, रेल मदद स्टाफ तैनात

यात्रियों की सहायता के लिए स्टेशन पर 24 घंटे रेल मदद स्टाफ तैनात रहेगा। वहीं, स्टेशन के वॉर रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है।रेलवे प्रशासन का फोकस त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने पर है। इसके साथ ही यात्रियों की सुरक्षा, टिकट सुविधा और ट्रेनों के संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।