रामगढ़ में युवक की आत्महत्या से सनसनी, फेसबुक लाइव में महिला समेत 6 लोगों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप
रामगढ़/अलवर
रामगढ़ थाना क्षेत्र के गांव ललावंडी में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक ने आत्महत्या से पहले फेसबुक पर लाइव आकर एक महिला सहित छह लोगों पर मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए थे। इस मामले में परिजनों ने नामजद शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मृतक के भाई विजय कुमार शर्मा के अनुसार, जोगिन्दर उर्फ छोटू पिछले दो-तीन महीनों से मानसिक तनाव में था। गुरुवार को वह बिना बताए घर से चला गया और इसी दौरान उसने अपने मोबाइल से फेसबुक लाइव किया। लाइव वीडियो में उसने कुछ लोगों के नाम लेते हुए आरोप लगाया कि वे लगातार उसे परेशान कर रहे हैं। उसने यह भी कहा कि उसे झूठे बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे मृतक का बड़ा भाई रवि गांव के पास जंगल क्षेत्र में गया, जहां जोगिन्दर का शव मोटर खींचने वाले तिपहिए से फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ थानाधिकारी अजीत सिंह बड़सरा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को रामगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता रमेशचंद ने पुलिस को दी रिपोर्ट में खेड़ी रोड रामगढ़ निवासी विनोद, नीतू, महेश पाण्डेका, चंदन गंगवानी, नीरज और लालचंद सीकरी वाले पर उनके बेटे को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही मृतक द्वारा फेसबुक लाइव में लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।