अलवर में युवक ने पी लिया तेजाब, मानसिक तनाव बना मौत की वजह
अलवर शहर के दिल्ली दरवाजा क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक द्वारा तेजाब पीने से उसकी मौत हो गई। मामला अखेपूरा थाना क्षेत्र के गंगा मंदिर के पास का है।
जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय अनिल जाटव, जो टायर रिपेयरिंग का काम करता था, पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि इसी तनाव के चलते उसने कथित रूप से तेजाब का सेवन कर लिया।
परिजनों ने बताया कि बुधवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर घटना का पता चला। गंभीर हालत में उसे तुरंत सामान्य चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई और देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अखेपूरा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।