अरुट महाराज जयंती पर भव्य शोभायात्रा, आकर्षक झांकियों ने बांधा समां
अलवर। भगवान अरुट महाराज की जयंती के अवसर पर शनिवार को खत्री पंजाबी समाज सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ अशोका टॉकीज स्थित पुरुषार्थी धर्मशाला से भगवान अरुट महाराज एवं मां हिंगलाज देवी की सामूहिक आरती के साथ हुआ।
पंजाबी ढोल की गूंज और जयकारों के बीच वन राज्यमंत्री संजय शर्मा, पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा, रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता एवं समाजसेवी डॉ. अमित छाबड़ा ने गुलाबी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया।
शोभायात्रा में मां हिंगलाज देवी, स्वामी गंगाधर जी महाराज और भगवान झूलेलाल की सजीव एवं आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके साथ ही राम दरबार, लव-कुश, हनुमानजी एवं वानर सेना की झांकियों ने भी सभी का मन मोह लिया। भगवान अरुट महाराज का सुसज्जित रथ यात्रा की शोभा बढ़ा रहा था।
समाज के वरिष्ठ नागरिकों को विशेष सम्मान देते हुए वाहनों में बैठाकर शोभायात्रा में शामिल किया गया। यह यात्रा अशोका टॉकीज से प्रारंभ होकर कंट्रोल रूम, होप सर्कस, घंटाघर, कांशीराम सर्किल, रोड नंबर-2 और भगत सिंह चौराहे से होती हुई स्कीम-2 स्थित पुरुषार्थी भवन पहुंची।
शोभायात्रा के संयोजक सौरभ कालरा ने बताया कि विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने मार्ग में करीब 15 स्थानों पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया, जिससे सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश हुई।
यात्रा के दौरान पीले चावल, सूखा मेवा, फल, छोले-चावल, नारियल-मिश्री और हलवे सहित विभिन्न प्रकार के प्रसाद का वितरण किया गया। शाम को पुरुषार्थी भवन में आरती के पश्चात भव्य लंगर का आयोजन भी किया गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष दीपक नागपाल, दौलतराम हजरती, रमेश जुनेजा, हरमीत मेहंदीरत्ता, जुगल गांधी, गिर्राज बाली, प्रेम गांधी, अमित छाबड़ा, महेश खत्री, उत्कर्ष अरोड़ा, अनुराग छाबड़ा, मुदित नकड़ा, दिलीप आहूजा, पंडित रमेश शर्मा, राजू धवन, मुरारी मेहंदीरत्ता, यश अनेजा, सिद्ध शर्मा, मनन कुकरेजा सहित समस्त खत्री समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा।