स्कूल से निकली 12 वर्षीय छात्रा तीन घंटे में सकुशल मिली, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एयरफोर्स स्टेशन स्थित स्कूल से निकली 12 वर्षीय छात्रा के लापता होने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया और सीसीटीवी फुटेज तथा स्थानीय तलाशी अभियान की मदद से छात्रा को कुछ घंटों के भीतर सुरक्षित खोज निकाला। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा स्कूल से बाहर क्यों निकली थी।
स्कूल से अनुमति लेकर बाहर निकली छात्रा
पुलिस के अनुसार, छात्रा ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन परिसर स्थित स्कूल में कक्षा सातवीं की छात्रा है। उसने स्कूल में बताया कि उसके अभिभावकों ने उसे सूर्य मंदिर बुलाया है। इसी आधार पर वह स्कूल परिसर से बाहर जाने वाली बस में सवार हो गई। बताया जा रहा है कि छात्रा ने स्कूल में संपर्क के लिए जो मोबाइल नंबर दिया था, वह सही नहीं था। जब निर्धारित समय तक वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी और सर्च ऑपरेशन से मिला सुराग
सूचना मिलते ही महाराजपुरा थाना पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस ने स्कूल से लेकर छात्रा के संभावित रूट तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान जड़ेरुआ बांध के पास छात्रा का बैग मिला, जिससे पुलिस ने तलाशी का दायरा और बढ़ा दिया। लगातार फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने छात्रा की लोकेशन का पता लगाया।
हाईवे से सुरक्षित बरामद हुई छात्रा
पुलिस ने कुछ घंटों की तलाश के बाद छात्रा को जहांगीरपुर हाईवे क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्रा सुरक्षित है और उसके स्वास्थ्य की भी जांच कराई गई है। इस त्वरित कार्रवाई से संभावित अनहोनी टल गई।
स्कूल से बाहर क्यों निकली, जांच जारी
पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि छात्रा स्कूल से बाहर क्यों निकली थी और उसका गंतव्य क्या था। अधिकारियों द्वारा छात्रा और उसके परिजनों से बातचीत की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की वास्तविक वजह सामने आ सके। पुलिस ने कहा है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई या निष्कर्ष तय किए जाएंगे।