#देश दुनिया #धार्मिक #राज्य-शहर

वेंकटेश बालाजी दिव्यधाम में 16 दिसंबर से 14 जनवरी तक गोदंबा महोत्सव, 10 जनवरी को होगा गोदा–रंगनाथ विवाह

रामकिशन कॉलोनी काला कुआं स्थित वेंकटेश बालाजी दिव्यधाम में 16 दिसंबर से 14 जनवरी तक गोदंबा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का मुख्य आकर्षण 10 जनवरी को प्रस्तावित भगवान रंगनाथ और गोदा माता के पाणिग्रहण संस्कार का दिव्य समारोह होगा।

दिव्यधाम के प्रमुख स्वामी सुदर्शनाचार्य महाराज ने बताया कि महोत्सव अवधि में प्रतिदिन सुबह 4:30 बजे मंगला आरती, उसके बाद गौ पूजन, आराधना, श्रृंगार आरती तथा गोदंबा कथा और प्रवचन होंगे। प्रत्येक दिन भगवान रंगनाथ को गोदा माता की उतरी हुई माला अर्पित की जाएगी और खिचड़ी का भोग लगाया जाएगा। मंदिर में गोदंबा माता की दो प्रतिमाएं स्थापित हैं—एक अष्टधातु से निर्मित चल प्रतिमा और दूसरी काले ग्रेनाइट की अचल प्रतिमा। दोनों प्रतिमाओं की ऊँचाई सवा दो फीट बताई जाती है।

गोदा–रंगनाथ विवाह की पौराणिक कथा

वाराह पुराण के अनुसार, तमिलनाडु के विल्लीपुत्तूर के भक्त विष्णुचित्त प्रतिदिन फूलों की माला बनाकर भगवान रंगनाथ को अर्पित करते थे। उनकी पुत्री गोदा ने मन ही मन भगवान को पति रूप में स्वीकार किया। एक दिन गोदा ने भगवान के लिए बनाई माला को पहले स्वयं पहनकर देखा, जिस पर विष्णुचित्त व्यथित हो उठे। उसी रात भगवान ने स्वप्न में दर्शन देकर बताया कि गोदा द्वारा पहनी माला ही उन्हें अधिक प्रिय है। इसी वचन को निभाते हुए भगवान ने गोदा से विवाह किया।
एक महीने तक चलेंगे विशेष उत्सव ,महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विशेष श्रृंगार, आरती, भोग, भजन-कीर्तन और महिलाओं द्वारा मांगलिक गीतों की प्रस्तुति होगी। पूरे एक महीने तक भगवान वेंकटेश को गोदंबा माता की उतरी हुई माला पहनाई जाएगी और भक्तों के लिए विविध दैनिक उत्सवों की विशेष व्यवस्था रहेगी।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *