#क्राइम #देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर #हेल्थ न्यूज़

तेज रफ्तार नगर निगम की गाड़ी ने छीनी ज़िंदगी: भाई की मौत, बहन और मासूम घायल…

अलवर एनईबी थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग का एक दर्दनाक उदाहरण सामने आया, जहां नगर निगम की गाड़ी ने पैदल जा रहे भाई-बहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया, जबकि दो मासूम अस्पताल में जिंदगी से जूझ रहे हैं।

अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र में रविवार को अनाज मंडी के पीछे स्थित लाइब्रेरी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नगर निगम की तेज रफ्तार गाड़ी ने सड़क किनारे पैदल चल रहे भाई-बहन और एक तीन वर्षीय मासूम को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों दूर जा गिरे। राहगीरों ने तुरंत घायलों को उठाया और जिला अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने जांच के बाद 18 वर्षीय सलमान खान को मृत घोषित कर दिया। उसकी बहन सैनाज गंभीर रूप से घायल है, जबकि हादसे में घायल तीन वर्षीय बच्चे का उपचार भी जारी है।

मृतक के मौसा रुझदार ख़ान ने बताया कि वे अलवर आए हुए थे और अपने गांव सेकमबास, नौगांवा लौटने की तैयारी में थे। तभी अचानक नगर निगम की गाड़ी तेज रफ्तार में आई और पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। उन्होंने आरोप लगाया कि चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिससे यह दुर्घटना हुई।

हादसे की सूचना मिलते ही एनईबी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा तैयार कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और कार्रवाई पूरी कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने नगर निगम के वाहनों की लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल उठाए हैं। यह हादसा एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार के खतरे और लापरवाही की गंभीर तस्वीर बयां करता है, जिसने एक युवा की जान ले ली और दो मासूमों को अस्पताल पहुंचा दिया।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *