“अलवर सांसद खेल उत्सव: फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन”
केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव व देश के नामचीन खिलाडियों ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
विजेता खिलाडियों को मेडल व ईनामी राशि प्रदान कर किया सम्मानित
देश का भविष्य खेल के मैदानों और पुस्तकालयों से होकर निकलता है – केंद्रीय मंत्री श्री यादव
अलवर 15 नवम्बर। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने शनिवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में अलवर सांसद खेल उत्सव 2.0 के फाइनल मुकाबलों में शिरकत कर खिलाडियों की हौसला-अफजाई की तथा विजेता खिलाडियों को मेडल पहनाकर व ईनामी राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। फाइनल मुकाबलों में कबड्डी, खो-खो, बॉक्सिंग, बेडमिंटन, योगा, कुश्ती, एथलेटिक्स, रस्सा-कस्सी, लंबी कूद, शॉट पुट, वॉलीबॉल व बास्केटबॉल खेलों खिलाडियों ने पूरे उत्साह के अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। इस दौरान वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा, रेसलिंग सुपरस्टार श्री योगेश्वर दत्त, श्रीमती बबीता फोगाट तथा पन्ना के राजपरिवार से महारानी श्रीमती कृष्णा कुमारी व जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।
केंद्रीय वन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन फीट इंडिया की प्रेरणा से अलवर सांसद खेल उत्सव और अलवर टाइगर मैराथन जैसे आयोजन कराए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी की सोच के अनुरूप युवाओं को खेल के मैदान से जोडकर देश के लिए मेडल लाने तक के सफल में सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी देश का भविष्य खेल के मैदानों और पुस्तकालयों से निकलता है। इसी कडी में अलवर में सांसद खेल उत्सव और ई-लाइब्रेरी जैसे कार्य युवाओं को आगे बढाने के लिए किए जा रहे हैं। उन्होंने खिलाडियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जीत-हार खेल के दो पहलू हैं। अच्छा खिलाडी वही है जो हार ने बाद पूर्ण मनोयोग से जीत की तैयारी में जुट जाए। उन्होंने कहा कि इस बार सांसद खेल उत्सव 2.0 में उत्साह के साथ 35 हजार से अधिक खिलाडियों ने भाग लिया है। विजेता खिलाडियों को सांई के प्रशिक्षकों द्वारा दो चरणों में खेल प्रशिक्षण प्रदान कर उनके खेलों को निखारने का काम किया जाएगा।
जिले में खेल कल्चर, महिला आर्थिक सशक्तिकरण, दुग्ध उत्पादक व शिक्षा के लिए हो रहा है काम
उन्होंने कहा कि अलवर सांसद खेल उत्सव का उद्देश्य अलवर में खेल कल्चर को विकसित करना है। इस बार अलवर सांसद खेल उत्सव में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, महिला स्वयंसेवी समूहों के माध्यम से महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण, पशुपालन ग्रामीण अर्थ व्यवस्था की धुरी हैं उसको मजबूत करने के लिए सरस डेयरी का विकास, युवाओं को आधुनिक शिक्षा के लिए ई-लाइब्रेरी की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अलवर के ट्यूरिज्म को विश्व पटल पर ले जाने, होटल इंडस्ट्री, लघु उद्योगों को प्रमोट करने के लिए 8 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय टाइगर मैराथन के साथ-साथ लिटरेरी फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सांसद खेल उत्सव में भागीदारी निभाने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
वन राज्यमंत्री श्री शर्मा ने अलवर की खेल प्रतिभाओं को खेल मंच प्रदान कर उनके खेल को निखारने हेतु अलवर सांसद खेल उत्सव का आयोजन कराने के लिए केंदीय वन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अलवर ने देश को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाडी दिए हैं जिन्होंने विश्व पटल पर अलवर का नाम रौशन किया है। उन्होंने कहा कि अलवर सांसद खेल उत्सव तथा ई-लाइब्रेरी के माध्यम से केंद्रीय मंत्री श्री यादव द्वारा अलवर में खेल कल्चर को बढाने के साथ-साथ बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके इस दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अलवर के लिए हॉकी एस्ट्रॉट्रफ, एथलेटिक्स ट्रैक जैसी सौगातें देने के साथ सांई के हॉकी सेंटर को अलवर में यथावत रखवाने का कार्य श्री भूपेन्द्र यादव ने किया है इससे अलवर में खेल गतिविधियों को बढावा मिलेगा।
हस्तशिल्प मेला, चिकित्सा शिविर व दुग्ध उत्पादक सम्मेलन रहा आकर्षण का केंद्र
इस अवसर पर वी-शक्ति ट्रस्ट के तत्वावधान में महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) द्वारा लगाए गए हस्तनिर्मित उत्पाद जैसे टेराकोटा, मोजरी, लाख की चूडियां, बाजरे से निर्मित उत्पाद, मसालें जैसे उत्पादों की स्टॉलों का केंद्रीय मंत्री श्री यादव ने निरीक्षण भी किया और महिलाओं से बातचीत की तथा महिला एसएचजी द्वारा तैयार की गई चाय की चुस्की ली। साथ ही अलवर की पहचान कलाकंद को भी चखा। उन्होंने उनके उत्पादों की विशेषताओं के बारे में जानकारी ली तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उद्योग की ओर बढ़ाने और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘लखपति दीदी‘ विजन को पूरा करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने सरस डेयरी दुग्ध उत्पादों का एक सम्मेलन में शिरकत की जिसमें पशुपालकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें दिल्ली एम्स के चिकित्सकों एवं स्टाफ की टीमों द्वारा आमजन के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। कार्यक्रम में मंच संचालन श्री लक्ष्मीनारायण गुप्ता ने किया।
इस दौरान बहरोड़ विधायक डॉ. जसवंत यादव, रामगढ़ विधायक श्री सुखवंत सिंह, बानसूर विधायक श्री देवीसिंह शेखावत, बांदीकुई विधायक श्री भागचंद टाकडा, जिला प्रमुख श्री बलबीर सिंह छिल्लर, जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर चौधरी, सरस डेयरी चैयरमैन श्री नितिन सांगवान, जिला अध्यक्ष श्री अशोक गुप्ता व श्री महासिंह चौधरी, पूर्व विधायक श्री रामहेत यादव, श्री जयराम जाटव, श्री मामनसिंह यादव, श्री राजेन्द्र गंडूरा, प्रधान श्री दौलतराम जाटव व श्रीमती वीरमती देवी, पूर्व महापौर श्री घनश्याम गुर्जर, श्री संजय नरूका, श्री मोहित यादव, श्री बन्नाराम मीणा, श्री इन्द्र यादव, श्री देशराज खरेरा, कोच श्री उमराव सैनी, श्री सतीश यादव, श्री जितेन्द्र राठौड, श्री रमेश रावत तथा देश व प्रदेश की विभिन्न क्षेत्रों की नामचीन हस्तियों सहित प्रबुद्ध व्यक्ति, बडी संख्या में खिलाडी एवं आमजन मौजूद रहे।