#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर जिला अस्पताल से 70 वर्षीय बुजुर्ग लापता, चार दिन से नहीं लगा कोई सुराग…

अलवर। जिला अस्पताल के वार्ड नंबर 6 से छुट्टी मिलने के बाद 70 वर्षीय बुजुर्ग मरीज चार दिन से लापता है। परिवार के लगातार तलाश करने के बावजूद अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बुजुर्ग की गुमशुदगी ने परिजनों के साथ अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

इलाज के बाद छुट्टी, फिर अचानक गायब
लापता बुजुर्ग का नाम चंदा है, जो हाजीपुर के पास लपाला गांव का निवासी है। 5 नवंबर को उन्हें सांस लेने में परेशानी होने पर छोटे भाई बनवारी ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। तीन दिन बाद, 8 नवंबर को जब बनवारी घर से खाना लेने गया हुआ था, तभी अस्पताल प्रशासन ने मरीज को छुट्टी दे दी।

अस्पताल गेट से आखिरी बार दिखे थे बुजुर्ग
छुट्टी मिलने के बाद चंदा अस्पताल के मुख्य गेट तक पहुंचे और किसी के फोन से अपने भाई बनवारी को कॉल किया, लेकिन जब तक बनवारी अस्पताल पहुंचा, तब तक चंदा वहां से गायब हो चुके थे। इसके बाद से उनका कोई अता-पता नहीं है।

परिवार ने की चारों ओर तलाश, पर निराशा हाथ लगी
परिजनों ने अस्पताल के सभी वार्डों, इमरजेंसी, ओपीडी और आसपास के बाजारों में खोजबीन की, यहां तक कि रिश्तेदारों से भी संपर्क किया, लेकिन बुजुर्ग का कुछ पता नहीं चला।

परिजनों में बढ़ी चिंता, पुलिस में दर्ज कराई गुमशुदगी
बनवारी ने बताया कि चंदा पहले से बीमार थे और उनका इस तरह लापता हो जाना बेहद चिंताजनक है। परिवार को आशंका है कि कहीं कोई अप्रिय घटना न हो गई हो। फिलहाल परिजनों ने कोतवाली थाना और अस्पताल चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब बुजुर्ग की तलाश में जुटी है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *