#क्राइम #देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

अलवर में नगर निगम की सख्ती: मुख्य बाजारों में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, कई जगह जब्त हुआ सामान…

अलवर शहर के व्यस्त बाजारों में बढ़ते अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ बुधवार को नगर निगम प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। कोतवाली पुलिस की मदद से निगम टीम ने चूड़ी मार्केट, बजाजा बाजार और तिलक मार्केट सहित कई इलाकों में कार्रवाई की। निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका ने स्वयं मौके पर पहुंचकर अभियान की निगरानी की।

नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका ने बताया कि पिछले दस दिनों से व्यापारियों और दुकानदारों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की जा रही थी। लेकिन बार-बार चेतावनी देने के बावजूद जब सहयोग नहीं मिला, तो प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।

आयुक्त ने कहा कि मुख्य बाजारों में अतिक्रमण के चलते यातायात व्यवस्था बिगड़ रही थी और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। निगम ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई एक दिन की नहीं, बल्कि नियमित रूप से जारी रहेगी। यदि कोई व्यापारी खुद अतिक्रमण नहीं हटाता है, तो उसका सामान जब्त कर जुर्माना भी लगाया जाएगा।

नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ, सुंदर और यातायात के दृष्टिकोण से सुगम बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *