फर्जी नाम से की 85 लाख की ठगी, नीट में पास कराने का दिया था झांसा…
अलवर की शिवाजी पार्क थाना पुलिस ने एक ऐसे ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट में पास करवाने और कॉलेज में एडमिशन दिलाने का लालच देकर 85 लाख रुपये हड़प लिए थे। आरोपी लंबे समय से पुलिस को गुमराह करने के लिए अलग-अलग नामों का इस्तेमाल कर रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के अनुसार, 8 दिसंबर 2021 को एक व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि एक युवक ने खुद को विनोद सिंह बताकर कहा था कि वह उसके बेटे को नीट परीक्षा में सफल करवा देगा और एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर में दाखिला दिला सकता है। भरोसा दिलाने के बाद उसने किश्तों में 85 लाख रुपये ले लिए और फिर संपर्क तोड़ दिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी का असली नाम विवेक कुमार है, जो खुद को कभी विनित जोशी, तो कभी राहुल राज या राहुल गुप्ता बताता था। आरोपी सिवान (बिहार) का रहने वाला है और वाराणसी (उत्तर प्रदेश) में किराए के मकान में रह रहा था।
थाना प्रभारी विनोद सांवरिया ने बताया कि आरोपी के पास से एक लैपटॉप और फर्जी आधार कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसने और किन लोगों को इसी तरह ठगा है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।