#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर #हेल्थ न्यूज़

श्रीगंगानगर में प्रेम विवाद का दर्दनाक अंत — युवक ने कार में लगाई आग, मौके पर मौत…

श्रीगंगानगर में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कोतवाली थाना क्षेत्र के सद्भावना नगर स्थित पावन धाम के पास 45 वर्षीय सुरजीत सिंह ने अपनी कार में पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। कुछ ही सेकंड में कार में जोरदार धमाका हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकले तो देखा कि कार जल रही है और अंदर एक व्यक्ति फंसा हुआ है। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और किसी तरह गाड़ी का गेट खोला, लेकिन तब तक सुरजीत की मौत हो चुकी थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि सुरजीत हरियाणा के बावल का रहने वाला था और पिछले कुछ महीनों से श्रीगंगानगर में अपनी लिव-इन पार्टनर के साथ रह रहा था। पड़ोसियों के अनुसार, दोनों के बीच पिछले चार दिन से झगड़ा चल रहा था। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह सुरजीत अपनी कार में घरेलू सामान भरकर प्रेमिका के घर पहुंचा और वहीं कार में पेट्रोल डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सुरजीत को आग लगाते हुए देखा जा सकता है। डीएसपी राहुल यादव ने बताया कि कार से मिले दस्तावेजों में उसका पता हरियाणा और भिवाड़ी दोनों जगह का लिखा हुआ है, जिसकी पुष्टि की जा रही है।

पुलिस ने महिला से पूछताछ की है। उसने बताया कि वह पिछले तीन साल से सुरजीत के साथ रिश्ते में थी, लेकिन उसे उसके परिवार के बारे में कुछ नहीं पता। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *