#क्राइम #देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर #हेल्थ न्यूज़

रूस में पढ़ाई कर रहे अलवर के अजीत चौधरी की दर्दनाक मौत, 22 दिन बाद मिला शव , भारत लाया जाएगा शव…

अलवर जिले के कफनवाड़ा गांव निवासी रूपसिंह चौधरी का बेटा अजीत चौधरी रूस के ऊफा शहर स्थित बश्किर स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में MBBS की पढ़ाई कर रहा था। वर्ष 2023 में मेडिकल की पढ़ाई शुरू करने वाला अजीत तीसरे वर्ष का छात्र था। 19 अक्टूबर को वह अचानक लापता हो गया। अगले दिन कॉलेज कैंपस से कुछ दूरी पर नदी किनारे उसके कपड़े मिले, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

परिवार का बुरा हाल, 22 दिनों से नहीं जला चूल्हा

अजीत के लापता होने के बाद से ही घर में मातम का माहौल है। मां और भाभी रातभर बेटे की याद में रोती रहती हैं। 22 दिनों से घर में खाना नहीं बना, पड़ोसी ही भोजन भेजते हैं, लेकिन दुख से भरा परिवार एक निवाला भी नहीं खा पा रहा। अजीत के चाचा राधेश्याम चौधरी ने कहा कि “हर दिन उम्मीद थी कि बेटा जिंदा मिलेगा, लेकिन अब सब खत्म हो गया।”

6 नवंबर को मिला शव,

पोस्टमॉर्टम में देरी से बढ़ा दुख
लगातार तलाशी अभियान के बाद 6 नवंबर को नदी के बांध में अजीत का शव बरामद हुआ। पहचान विश्वविद्यालय के अन्य भारतीय छात्रों ने की। अब शव रूस से भारत लाने की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन पोस्टमॉर्टम और दस्तावेजी कार्यवाही में देरी से परिवार का दर्द और गहरा गया है। मां और बहन लगातार बेटे को अंतिम बार देखने की गुहार लगा रही हैं।
भारतीय दूतावास पर सवाल, परिजनों ने जताई नाराज़गी
परिजनों का कहना है कि रूस में स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारी शव लाने की प्रक्रिया पर स्पष्ट जवाब नहीं दे रहे। परिवार ने नॉर्थ अमेरिका राजस्थान एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम भंडारी को कानूनी रूप से अधिकृत किया है कि वे अजीत का शव भारत लाने में मदद करें।

प्रेम भंडारी जुटे मदद में, न्याय की भी मांग

भंडारी ने बताया कि इंडियन कम्युनिटी वेलफेयर फंड से लगभग 6 लाख रुपये की आर्थिक मदद दिलाने की कोशिश की जा रही है, ताकि शव को भारत लाया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि किसी वजह से फंड मंजूर नहीं होता, तो एसोसिएशन खुद खर्च उठाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम की पूरी प्रक्रिया वीडियो रिकॉर्ड करवाई जाएगी, ताकि किसी तरह का संदेह न रहे।

संशय बरकरार, जांच की मांग तेज

भंडारी ने यह भी कहा कि अजीत को एक छात्र से धमकी मिलने की बात सामने आई थी, जिसकी तस्वीर में वह हथियार के साथ दिखा है। अब परिवार चाहता है कि मामले की पूरी जांच हो और बेटे की मौत के पीछे की सच्चाई सामने आए।

— रिपोर्ट: एसटीवी न्यूज़ डिजिटल डेस्क, अलवर

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *