#एजुकेशन #राज्य-शहर

खाद्य सुरक्षा अंतरविद्यालय प्रतियोगिता में चिनार पब्लिक स्कूल विजेता, प्राइड वॉक एकेडमी द्वितीय और बाल भारती स्कूल तृतीय

निर्मल इंडस्ट्रीज के आयोजन में 15 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, स्वस्थ खानपान एवं खाद्य सुरक्षा का दिया संदेश

अलवर, 16 अक्टूबर। विद्यार्थियों में खाद्य सुरक्षा, संतुलित पोषण एवं स्वस्थ खानपान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निर्मल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, अलवर द्वारा हैप्पी स्कूल, बाग के सामने, अलवर में खाद्य सुरक्षा अंतरविद्यालय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर के 15 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में कुल 210 अंकों में से चिनार पब्लिक स्कूल ने 154 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान, प्राइड वॉक एकेडमी स्कूल ने 151 अंकों के साथ द्वितीय तथा बाल भारती सेकेंडरी स्कूल, स्कीम नंबर 1 ने 141 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त रामगोपाल खन्ना राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय ने 140, हैप्पी पब्लिक स्कूल ने 134 तथा स्टेप बाय स्टेप स्कूल ने 126 अंक प्राप्त कर सराहनीय प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत विद्यार्थियों ने स्वस्थ भोजन की संतुलित थाली के आकर्षक मॉडल, खाद्य सुरक्षा संबंधी पोस्टर एवं प्रेरक नारे प्रस्तुत किए। खाद्य पदार्थों के पैकेट पर अंकित पोषण संबंधी जानकारी, सामग्री, निर्माण एवं समाप्ति तिथि को समझने तथा सुरक्षित भोजन के चयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रदर्शित किया गया।

निर्णायक मंडल में डॉ. टेकचंद, प्रभारी, जनाना अस्पताल; डॉ. सरोज, निदेशक, सरोज डायग्नोस्टिक्स; वरिष्ठ खाद्य विश्लेषक सौदान सिंह चौधरी; डॉ. योगेंद्र कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, अलवर; खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुश्री भावना मीणा एवं सुश्री अलका शामिल रहे।

डॉ. सरोज चिकित्सा सेवाओं के साथ स्वास्थ्य शिक्षा, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण तथा भारतीय संस्कृति एवं बाल संस्कारों के संवर्धन से जुड़ी सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। वहीं सौदान सिंह चौधरी को सरस डेयरी में गुणवत्ता नियंत्रण तथा खाद्य प्रयोगशाला एवं विश्लेषण के क्षेत्र में लगभग चार दशकों का व्यापक अनुभव प्राप्त है।

कार्यक्रम में रवि अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष, बाल हित शिक्षा समिति एवं अग्रवाल महासभा, अलवर तथा केशव कुमार गोयल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, अलवर की गरिमामयी उपस्थिति रही।

विजेता विद्यालय को ट्रॉफी तथा प्रतिभागी विद्यालयों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अल्पाहार की व्यवस्था रोटरी क्लब अलवर फोर्ट के सौजन्य से की गई।

आयोजक निर्मल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाकर उनके माध्यम से परिवार और समाज तक सुरक्षित एवं स्वस्थ खानपान का संदेश पहुंचाना है। संस्था ने सभी विजेताओं, प्रतिभागियों, शिक्षकों, निर्णायकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

**सुरक्षित भोजन, स्वस्थ बचपन और जागरूक समाज ही सशक्त भविष्य का आधार हैं।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *