#क्राइम #राज्य-शहर

खेत की डोल के पास पलटा ट्रैक्टर, नीचे दबने से किसान की मौत

रामगढ़। रामगढ़ क्षेत्र के बगड़ तिराहा थाना अंतर्गत बहाला गांव में मंगलवार सुबह खेत में जुताई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। खेत की डोल के पास जुताई कर रहा ट्रैक्टर अचानक अनबैलेंस होकर पलट गया। इसी दौरान पास से पैदल गुजर रहे 43 वर्षीय पप्पू खान ट्रैक्टर के नीचे दब गए। हादसे में उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार बहाला गांव निवासी पप्पू खान पुत्र करीम खान खेती-बाड़ी का काम करते थे। मंगलवार सुबह वह खेत से काम करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके भाई का बेटा खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। खेत की डोल के पास अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। ट्रैक्टर की चपेट में आने से पप्पू खान उसके नीचे दब गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला और निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर बगड़ तिराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रामगढ़ जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

गांव के सरपंच कल्लू खान ने बताया कि पप्पू खान खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो विवाहित बेटियां और दो अविवाहित बेटे हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव में भी शोक की लहर है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *