#क्राइम #राज्य-शहर

जहरीली दवा के सेवन से विवाहिता की मौत, उपचार के दौरान तोड़ा दम

अलवर। विजय मंदिर थाना क्षेत्र के रावण देवरा गांव में जहरीली दवा का सेवन करने से 30 वर्षीय विवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार रावण देवरा गांव निवासी सीताराम रैबारी की पत्नी हिना ने सोमवार को अज्ञात कारणों के चलते जहरीली दवा का सेवन कर लिया। दवा के सेवन के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह अचेत हो गई। परिजन उसे गंभीर हालत में अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे आईसीयू वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया।

चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद कुछ घंटे बाद उपचार के दौरान हिना ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर विजय मंदिर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव उन्हें सौंप दिया।

बताया गया कि मृतका की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल जहरीली दवा के सेवन के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *